गाजियाबाद में कमर्शियल एयरोसिटी बनाने की तैयारी तेज, 2831 करोड़ रुपये होंगे खर्च

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 231 हेक्टेयर जमीन पर बनेगी एयरोसिटी टाउनशिप। जीडीए ने किसानों से आपत्तियां मांगीं।

गाजियाबाद जिले के राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास करीब 231 हेक्टेयर जमीन पर एयरोसिटी टाउनशिप (Aerocity Township) बसाई जाएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन चिह्नित कर ली है। साथ ही किसानों से आपत्ति भी मांगी हैं, जो 15 दिन में देनी होंगी। फिर आपत्तियों का समाधान कर जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

जीडीए की राजनगर एक्सटेंशन के तीन गांवों की जमीन पर एयरोसिटी बसाई जाने की योजना है। इसे परवान चढ़ाने के लिए जीडीए ने 231.3710 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर ली है। साथ ही प्राधिकरण ने रविवार को किसानों और जमीन मालिकों से आपत्ति भी मांगी है। 15 दिन के भीतर जीडीए के नवयुग मार्केट स्थित कार्यालय में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। यदि कोई आपत्ति आती है, तो प्राधिकरण की टीम उसका निस्तारण करेगी। इसके बाद जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इन गांवों की जमीन लेगा जीडीए

वहीं, अब चिह्नित जमीन को यदि कोई खरीदता है, तो उसे अवैध माना जाएगा। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस टाउनशिप के लिए अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव की जमीन लेंगे। जमीन लेने के लिए प्राधिकरण 2,831 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

एयरोसिटी में होंगी कमर्शियल एक्टिविटी

एयरोसिटी पूरी तरह से कमर्शियल टाउनशिप होगी। यहां कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान, शोरूम आदि के लिए प्लॉट कांटे जाएंगे।

लैंड पूलिंग को प्राथमिकता

योजना के लिए जीडीए ने दो विकल्पों से जमीन लेना तय किया है। प्राधिकरण मुख्य रूप से किसानों से संपर्क कर लैंड पूलिंग के जरिये योजना में चिह्नित भूमि ले सकता है। इसे ही प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसान लैंड पूलिंग के लिए तैयार नहीं होते हैं, तो आपसी सहमति बनाकर जमीन लेने का प्रयास किया जाएगा। बताया गया है कि योजना से ली गई भूमि की 25 फीसदी विकसित भूमि जीडीए किसानों को देगा। इसमें जीडीए जमीन के लिए पहले रकम खर्च नहीं करेगा।

विवेक मिश्र, सचिव, जीडीए, ”एयरोसिटी टाउनशिप के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। साथ ही इस पर आपत्ति मांगी गई हैं। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाएगा।”

जीडीए के प्लॉट खरीदने का मौका

गाजियाबाद के इंदिरापुरम समेत कई योजनाओं में रिहायशी और कमर्शियल प्लॉट खरीदने का आज मौका है। इसके साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम के प्लॉट पर भी लोग बोली लगा सकते हैं। प्लॉट 120 वर्ग मीटर से लेकर सात हजार वर्ग मीटर तक के हैं। जीडीए की इंदिरापुरम और इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज के प्लॉट नीलामी में शामिल किए गए हैं। इसमें जीडीए ने पहली बार मिक्स लैंड यूज प्लॉट शामिल किए हैं। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, फैसलिटी प्लॉट आदि भी रखे गए हैं। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि योजना में प्राधिकरण के 18 मीटर चौड़ी सड़क पर पांच मिक्स लैंड यूज प्लॉट मौजूद हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.