गाजियाबाद में रफ्तार का कहर, थार ने पीआरवी को मारी टक्कर, दबिश से लौट रही पुलिस कार भी हादसे का शिकार
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर हुए दो सड़क हादसों में अलीगढ़ के दरोगा उपेंद्र और होमगार्ड कपिल की मौत, 5 घायल।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-नौ पर बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच हुए दो सड़क हादसों में अलीगढ़ पुलिस के दरोगा और गौतमबुद्धनगर पुलिस के होमगार्ड की मौत हो गई। दोनों हादसों में तीन पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल भी हुए हैं। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे नगर कोतवाली क्षेत्र में बीकानेर बिल्डिंग के सामने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर स्विफ्ट कार एक टैंकर से टकरा गई। स्विफ्ट में थाना मडराक, अलीगढ़ के उपनिरीक्षक उपेंद्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक सवार थे। पुलिस टीम दिल्ली में दबिश देने गई थी और वहां से सत्येंद्र और उसके बेटे आशु को गिरफ्तार कर मेरठ की ओर लौट रही थी। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान उपनिरीक्षक उपेंद्र की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
ईलाज के दौरान होम गार्ड की मौत हो गई
दूसरा हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में बहरामपुर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुआ। थाना सेक्टर-63 नोएडा की पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल प्रवीण कुमार कमांडर और होमगार्ड कपिल कुमार पायलट डायल-112 के इवेंट पर गौर सिटी-दो जा रहे थे। इसी दौरान थार गाड़ी ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीआरवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कांस्टेबल प्रवीण कुमार और होमगार्ड कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां ईलाज के दौरान कपिल कुमार की मौत हो गई। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि कर चालक नशे की हालत में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। टक्कर मारने वाली कर भी कब्जे में ले ली गई है।
असिस्टेंट कमिश्नर प्रियश्री पाल ने क्या बताया?
वहीं वेव सिटी पुलिस की असिस्टेंट कमिश्नर प्रियश्री पाल ने बताया कि ‘12 अगस्त की रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर पीआरवी-9619 को 112 पर एक इमरजेंसी कॉल मिली थी। दोनों को गौतमबुद्ध नगर की गौर सिटी 2 जाना था। तेज रफ्तार बेकाबू थार कार ने पीआरवी बाइक को टक्कर मार दी थी। एक कांस्टेबल और होम गार्ड कपिल कुमार बाइक पर सवार थे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां कपिल मिश्रा ने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लाल रंग की थार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।’
एक ही रात में दो हादसे, पुलिस महकमे में शोक
दोनों घटनाओं में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौत से पुलिस महकमे में शोक है। एक हादसे में पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों को लेकर लौट रही थी, जबकि दूसरे में डायल-112 की पीआरवी इमरजेंसी कॉल पर जा रही थी। पुलिस दोनों मामलों में दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार वाहन चालकों की भूमिका की जांच कर रही है।