गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात, छात्रा के कमरे में घुसा पड़ोसी युवक और दिया घटना को अंजाम

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में 12वीं की छात्रा के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म। आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी।

दिल्ली के कालिकाजी पार्क से नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना ठंडी नहीं हुई थी कि NCR से एक और दुष्कर्म की भयानक घटना सामने आ गई। मामला गाजियाबाद के शालीमार बाग का है। वारदात को अंजाम देने का आरोप पड़ोस में रहने वाले युवक पर लगा है। आरोप है कि दरिंदे लड़के ने 12 वीं की छात्रा के घर में घुसकर उसका रेप किया। शोर मचने पर छात्रा के परिवार के लोग जाग गए और आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

पड़ोसी लड़के ने छात्रा के घर में घुसकर की दरिंदगी

छात्रा अपने परिवार के साथ शालीमार गार्डन क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए पर रहती है। उसके पास में एक युवक भी परिवार के साथ किराए पर रहता है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि बुधवार की रात उन्हें बेटी के कमरे से चीखने की आवाज आई तो वह तुरंत उसके कमरे में पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और चीख पुकार की आवाज आ रही थी। उनकी बेटी ने किसी तरह से दरवाजा खोला। कमरे में पड़ोस में रहने वाला युवक था।

चीख-पुकार सुन पहुंचे परिजन, लड़का पुलिस हिरासत में

छात्रा ने बताया कि वह किसी तरह से अंदर घुस आया और कमरे का दरवाजा बंद करके सोते हुए उसे दबोच लिया। छात्रा ने छूटने का प्रयास किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। छात्रा ने खुद को बचाने का प्रयास करते हुए चीखकर परिजनों को आवाज लगा दी। परिजनों ने युवक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुहंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कालकाजी पार्क में लड़की से हुआ था गैंगरेप

आपको बताते चलें कि कुछ दिन पहले दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, लड़की अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ मंदिर दर्शन के बाद पार्क गई थी। वहां तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाया और लड़की को एक सुनसान हिस्से में ले गए। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला POCSO एक्ट और BNS की धाराओं में दर्ज किया। तीनों आरोपी आसिफ, हेमंत और मुकेश गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.