गाजियाबाद में सफर होगा आसान, राजनगर एक्सटेंशन और एक्सप्रेसवे आने-जाने वालों को मिलेगी बड़ी राहत

गाजियाबाद के हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर का निर्माण नवरात्र में शुरू होगा। 125 करोड़ की लागत से बनने वाले इस 4-लेन फ्लाईओवर से लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर का निर्माण नवरात्र में शुरू होगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने फ्लाईओवर बनाने के लिए एजेंसी का चयन कर लिया है, जिसे अब वर्कआर्डर जारी किया जाएगा। इसके बनने से हापुड़ चुंगी समेत आसपास के क्षेत्र में जाम की समस्या दूर हो सकेगी।

गाजियाबाद में जाम की समस्या है, जिसमें हापुड़ चुंगी मुख्य जाम पॉइंट है। यहां सुबह व शाम के वक्त सबसे अधिक जाम रहता है। दिल्ली-मेरठ रोड से एनएच नौ जाने-आने वाले वाहन एएलटी सेंटर से होते हुए हापुड़ चुंगी और डायमंड फ्लाईओवर के जरिये एनएच नौ और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे आ जा सकते हैं। इन मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक देखते हुए जीडीए ने नया प्लान तैयार किया है। योजना के तहत प्राधिकरण संजयनगर सेक्टर-23 के एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए कविनगर थाने से आगे शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनेगा।

इस परियोजना को पूर्व में शासन भी मंजूरी दे चुका। ऐसे में जीडीए ने निर्माणाधीन एजेंसी का चयन भी कर लिया है, जिसे एक हफ्ते के भीतर वर्क आर्डर जारी कर दिया जाएगा। अधिकारी बताते हैं कि नवरात्रि के दौरान एजेंसी फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कर सकती है, जिसे एक साल के भीतर तैयार कर लिया जाएगा।

एक्सप्रेसवे से राजनगर एक्सटेंशन की दूरी होगी कम

एनएच नौ और डीएमई को जोड़ने के लिए मुख्य रूप से एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए शास्त्रीनगर के जरिये डायमंड फ्लाईओवर वाला मार्ग है। इस मार्ग का प्रयोग गाजियाबाद क्षेत्र के सभी लोग करते हैं। साथ ही राजनगर एक्सटेंशन के लोग भी इसी मार्ग के जरिये एनएच नौ और डीएमई पकड़ते हैं। ऐसे में इस मार्ग का महत्व सबसे अधिक है।

बता दें कि हापुड़ चुंगी पर सुबह और शाम के वक्त लंबा जाम लगता है। जाम को खत्म करने के लिए एएलटी से शास्त्रीनगर तक फ्लाईओवर बनेगा। कलेक्ट्रेट से चुंगी होते हुए सीबीआई एकेडमी तक फ्लाईओवर बनाने की भी चर्चा की गई, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी एएलटी मार्ग पर बनाने तय हुआ।

125 करोड़ रुपये खर्च होंगे

इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1.2 किलोमीटर तक होगी। परियोजना की लागत करीब 125 करोड़ है, जो क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से खर्च होगा। चार लेन के फ्लाईओवर के तैयार होने से लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारी बताते हैं कि फ्लाईओवर बनाने से पूर्व जो सर्वे किया था, वह पूरी तरह सफल रहा है।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ”हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार है। इसे बनाने वाली एजेंसी का चयन कर लिया है। नवरात्रि में इसका काम शुरू करने की योजना है। फ्लाईओवर के तैयार होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.