गाजियाबाद: लिव-इन पार्टनर ने की प्रेमी की हत्या, क्राइम पेट्रोल देख रची साजिश
गाजियाबाद के लोनी में लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन ने युवक की हत्या की। क्राइम पेट्रोल देख रची साजिश, सुसाइड का दिया था रूप। दोनों आरोपी गिरफ्तार।
गाजियाबाद के लोनी इलाके की ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने एक युवक की हत्या के आरोप में साथ रहने वाली लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने 23 जून को डंडे से वार कर और गला घोंटकर युवक की हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों को युवक द्वारा सुसाइड करने की सूचना देकर दोनों बहनें फरार हो गई थीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमिका का कहना है कि युवक उसकी बेटी पर गलत नजर रखता था। मूलरूप से जनपद रामपुर थाना स्वार के गांव मिलक काजी में रहने वाला 40 वर्षीय जाकिर 8 माह से ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। 23 जून को उसकी प्रेमिका किरन ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी थी कि जाकिर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजन शव लेकर गांव चले गए थे। पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि हुई तो पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि रविवार को जाकिर के भाई समीर ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया और सोमवार को पुलिस ने बुलंदशहर के गढ़ी कटैया गांव निवासी किरन और उसकी छोटी बहन कशिश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा और डंडा भी बरामद कर लिया है। किरन ने पुलिस को बताया कि 11 साल पहले वह गौतमबुद्ध नगर के शाकिरपुर में पति धर्मवीर के साथ रहती थी। इसी मकान में जाकिर भी रहता था, तब से ही उसके जाकिर से संबंध थे। करीब 4 साल पहले उसने पति को छोड़ दिया था। जाकिर राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी पत्नी और 5 बच्चे गांव में रहते थे। 8 महीने पहले वह अपने बच्चों को साथ लेकर जाकिर संग पूजा कॉलोनी में आकर रहने लगी।
बेटी पर गलत नजर रखने का शक था
पुलिस के मुताबिक, किरन को दो महीने से जाकिर पर शक था कि वह उसकी 13 साल की नाबालिग बेटी पर गलत नजर रखने लगा है। 3 जून को दोनों बहनों ने साजिश रची। 23 जून को किरन ने कहा कि वह बच्चों और बहन के साथ मायके जा रही है। इसके लिए जाकिर के फोन से कैब बुक की। कैब आने के बाद बच्चों को बैठने के लिए भेज दिया। इसी दौरान उन्होंने जाकिर की हत्या कर दी। वहीं, हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए बहन के साथ मिलकर गमछा पंखे में बांध दिया।
क्राइम पेट्रोल से साजिश रची
एसीपी ने बताया कि जाकिर के परिजन दोनों बहनों की बात पर भरोसा कर शव को रामपुर ले गए। पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि होने पर मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने क्राइम पेट्रोल देखकर हत्या की साजिश रची थी।
बेटी ने हत्या करते देखा था
हत्या से पहले दोनों ने बच्चों को कार में बैठने के लिए भेज दिया था। सूत्रों की मानें तो जब बेटी लौटकर आई तो मां और मौसी को जाकिर पर हमला करते देख लिया था। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।