गाजियाबाद सुसाइड मामले में स्कूल का बड़ा एक्शन, आरोपी शिक्षिका सस्पेंड

गाजियाबाद में 10वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली छात्रा की डायरी से चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। डायरी में टीचर को लेकर कई खुलासे हुए हैं।

गाजियाबाद की गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी की दसवीं मंजिल से कूदकर छात्रा के जान देने के मामले में छात्रा की डायरी से चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। छात्रा ने डायरी को ही संबोधित करते हुए अपनी पीड़ा इस पर लिखी थी। उसने लिखा था कि टीचर मुझे पसंद नहीं करती, आई हेट हर। परिजनों ने स्कूल और शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कराने की बात कही है।

राजेंद्रनगर के निजी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा ने गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी में 26 सितंबर की रात 10वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी ने अपनी पुरानी स्कूल डायरी को अपना दोस्त बना लिया था। डायरी में उसने हर बात डियर डायरी के संबोधन से लिखी है। डायरी में 50 पेज हैं और इनमें से 13 पर छात्रा ने शिक्षिका बारे में ही लिखा है। छात्रा ने डायरी में टीचर के लिए लिखा है आई हेट हर। एक पेज पर लिखा है कि वह मुझे ऐसे घूरती है, जैसे मेरा मर्डर ही कर देगी।

यह बात दूसरी जगह भी लिखी कि टीचर कहीं उसका मर्डर तो नहीं कर देगी। स्कूल डिबेट या अन्य मामले में विषय चयन को लेकर भी डायरी में लिखा है कि यदि टीचर को टॉपिक पसंद नहीं आया तो वह सारा गुस्सा उस पर ही निकालेगी। उसकी वजह से ही मैंने स्कूल की छुट्टी की थी। एक जगह टीचर के नाम के साथ लिखा है कि वह मुझे पसंद नहीं करती। पिता ने कहा कि बेटी डायरी से बातें करती थी और मन की सारी बातें डायरी में लिखती थी।

टीचर सस्पेंड, जांच के लिए समिति गठित

निजी स्कूल की ओर से एक बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि स्कूल प्रबंधन छात्रा की असमय मौत से दुखी है। छात्रों के साथ प्रताड़ना, दुर्व्यवहार किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा। छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने टीचर को सस्पेंड कर दिया है। पूरे मामले की जांच के लिए स्कूल ने आंतरिक समिति का गठन किया है।

क्लासमेट को आत्महत्या से पहले मैसेज किया था

छात्रा ने यह कदम उठाने से ठीक पहले शनिवार की शाम अपनी एक क्लासमेट को मोबाइल पर मैसेज भी भेजा था। इसमें लिखा था कि मैं क्या करूं, क्या मर जाऊं। क्लासमेट उस समय मैसेज नहीं देख पाई। देर रात उसने छात्रा को जवाब दिया। जो उसने नहीं देखा, सुबह घर पहुंची तो घटना हो चुकी थी। वहीं,छात्रा के परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह गढ़ गंगा में अस्थि विसर्जन कर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त ऋजुल ने कहा, छात्रा की मौत के मामले में परिजनों ने शिकायत या डायरी पुलिस को नहीं दी है। सोसाइटी में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रहे हैं। डायरी मिलती है तो जांच कराई जाएगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.