गाजियाबाद से आए थे आरोपी, पुलिस ने बरामद की 5 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक
दिल्ली पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की साजिश नाकाम कर 2 आरोपियों व नाबालिग को पकड़ा है। हथियार और कारतूस बरामद हुए।
नई दिल्ली। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग कर उसकी हत्या करने की साजिश को हजरत निजामुद्दीन थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर राशिद केबलवाला गैंग के संपर्क में थे और उन्हें इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर हमला करने का टास्क दिया गया था।
पुलिस ने इनके पास से पांच सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और चोरी की एक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक 19 नवंबर की सुबह करीब 5:10 बजे पुलिस टीम को हजरत निजामुद्दीन बस्ती के पास दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने बचकर निकलने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस मिले।
🛣️ आरोपी गाजियाबाद से नाबालिग साथी के साथ दिल्ली आए थे
पूछताछ और आगे की जांच में एक नाबालिग के भी उनके साथ होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसे भी पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी गाजियाबाद से अपने एक नाबालिग साथी के साथ दिल्ली आए थे। तीनों ने यहां एक गेस्ट हाउस में ठहरने के बाद हजरत निजामुद्दीन इलाके का रुख किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इलाके में रहने वाले एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने की तैयारी में थे।
पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि राशिद केबलवाला ने उन्हें इस हमले को अंजाम देने के निर्देश दिए थे। इसके बदले उन्हें आर्थिक मदद और आगे भी सहयोग देने का भरोसा दिया गया था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में धमकी भरे वीडियो मिले हैं। इन वीडियो में राशिद केबलवाला और उसके गैंग के प्रति समर्थन जताने की बात सामने आई है।
📱 राशिद केबलवाला गैंग के खिलाफ रंगदारी का मामला भी दर्ज
आरोपियों ने कथित तौर पर ये वीडियो अपने हैंडलर के निर्देश पर बनाए थे और सोशल मीडिया के जरिए भेजे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गैंग से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने के लिए एन्क्रिप्टेड एप का इस्तेमाल कर रहे थे। अब मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कर डिजिटल बातचीत और वीडियो की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, जिस इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने की साजिश थी, उसकी शिकायत पर कथित राशिद केबलवाला गैंग के खिलाफ रंगदारी का मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले, गैंग के दूसरे कौन-कौन से लोग इस साजिश में शामिल हैं और हमले की पूरी योजना किसने तैयार की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल इदरीशी (20) और साद मलिक (22) के रूप में हुई है। दोनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। मामले की जांच जारी है।