गिरिराज परिक्रमा कर रही युवती पर जानलेवा हमला, दांत से नाक काटकर सोने की नोजपिन लूटी
मथुरा के गोवर्धन में गिरिराज परिक्रमा कर रही युवती पर हमला। बदमाश ने गला दबाकर नाक काटी और नोजपिन लूटी।
उत्तर प्रदेश में मथुरा के गोवर्धन में गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर रही एक श्रद्धालु युवती पर सोमवार दोपहर एक युवक ने अचानक हमला कर दिया. आरोपी ने पहले युवती को धक्का देकर जमीन पर गिराया और उसका गला दबाया. इसके बाद दांत से उसकी नाक काट दी और सोने की नोजपिन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद परिक्रमा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई.
पीड़िता मोनिका मुंबई की रहने वाली है और करीब छह महीने से गोवर्धन में रह रही है. वह रोजाना गिरिराज महाराज की परिक्रमा करती थी. सोमवार को वह बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित गिरिराज तलहटी के पास पहुंची थी. इसी दौरान करीब 25 वर्ष का एक युवक डंडा लेकर उसके पास आया और अचानक हमला कर दिया.
युवती के चेहरे और कपड़ों पर खून
पीड़िता के मुताबिक, युवक ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और काफी देर तक उसका गला दबाए रखा. इसके बाद आरोपी ने उसके चेहरे पर हमला करते हुए दांत से उसकी नाक काट ली और सोने की नोजपिन निकालकर फरार हो गया. युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की कोशिश की. हमले में युवती के चेहरे और कपड़ों पर खून लग गया. वह मदद के लिए चीखने लगी.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
युवती की आवाज सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालु मौके पर पहुंचे और युवती को संभाला. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली. घटना के बाद पुलिस ने बड़ी परिक्रमा मार्ग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
सीओ अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है.