गुड़गांव: चरित्र पर शक में पति ने चुन्नी से घोंटा पत्नी का गला, आरोपी गिरफ्तार
गुड़गांव के आईएमटी मानेसर में चरित्र पर शक के चलते पति ने की पत्नी की हत्या। वारदात के वक्त छत पर सो रहे थे 4 बच्चे। केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से आरोपी गिरफ्तार।
गुड़गांव : पत्नी के चरित्र पर शक के चलते गुस्साएं पति ने बुधवार देर रात को किराए के कमरे में चुन्नी से गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के वक्त मकान की छत पर चार बच्चे सो रहे थे। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आईएमटी मानेसर थाने में हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को KMP एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नरेंद्र (उम्र-37 वर्ष) निवासी नंगला दवड़ा जिला मथुरा (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी आईएमटी मानेसर में मारुति कंपनी में काम करता है। 3 अप्रैल की रात को जब इसकी पत्नी फोन पर किसी से बात कर रही थी तब इनका आपस में झगड़ा हो गया और आरोपी ने अपनी पत्नी पर शक के कारण चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई चुन्नी भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आईएमटी मानेसर में स्थित बांस अलियर गांव में मूलरूप से उत्तरप्रदेश के मथुरा निवासी नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी काजल देवी और चार बच्चों के साथ रह रहा था। 36 वर्षीय काजल देवी रोजाना कंपनी से रात आठ बजे घर पहुंच जाती थी और पति देर रात 12 बजे पहुंचता था।बुधवार रात को 12 बजे जब पति कमरे पर पहुंचा, तो देखा कि पत्नी किसी से फोन पर बात कर रही है। उस दौरान चारों बच्चे छत पर सो रहे थे। गुस्साएं पति ने जब पत्नी से पूछा की वह किससे बात कर रही थी और उसको फोन मांगा, लेकिन पत्नी ने फोन नहीं दिया। उसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।
इस दौरान देर रात लगभग साढ़े 12 बजे वह गुस्साएं पति ने पत्नी का चुन्नी से गला घोटकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि नरेंद्र को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और उस बात को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। आईएमटी थाना प्रभारी सुनील बेनीवाल ने बताया कि काजल देवी के भाई राजस्थान के भरतपुर निवासी राजबीर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया और गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।