गुड़गांव डकैती: रिटायर्ड कर्नल के घर लूट करने वाले 4 बांग्लादेशी गिरफ्तार
गुड़गांव पुलिस ने रिटायर्ड कर्नल के घर डकैती डालने वाले 4 बांग्लादेशी अपराधियों को दबोचा। भागने के चक्कर में अंडरपास में कूदे, आरोपी अस्पताल में भर्ती।
गुड़गांव : पालम विहार में रिटायर्ड कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डालने के मामले में गुड़गांव पुलिस ने चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। यह चारों बांग्लादेशी अपने साथियों के साथ गुड़गांव में एक अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे, लेकिन जैसे ही अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने इन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो यह पुलिस से बचने के लिए अंडरपास में कूद गए जिसके कारण इनके हाथ व पैर में फ्रेक्चर आए हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की पहचान हिलाल निवासी बांग्लादेश, मामो खान निवासी बांग्लादेश, मोहम्मद खैरुल अरमान निवासी बांग्लादेश व मोहम्मद मामन निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई है। यह सभी फिलहाल दिल्ली के संगम विहार में किराए का मकान लेकर रह रहे थे।
एसीपी क्राइम ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि जब अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो पुलिस से बचने के लिए आरोपी अंडरपास में कूद गए जिससे आरोपी खैरुल उर्फ अरमान के दोनों टांगों में चोट आई है, आरोपी मामन व हिलाल के एक पैर में चोट आई है तथा आरोपी मामो खान के एक हाथ में चोट आई है जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी हिलाल पर चोरी, करने, शस्त्र अधिनियम, डकैती करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 12 केस दिल्ली में दर्ज हैं। आरोपी मामो खान पर चोरी करने के संबंध में 1 केस दिल्ली में दर्ज है, आरोपी मोहम्मद खैरुल अरमान पर चोरी करने, डकैती करने, गैंगस्टर एक्ट, हत्या करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 8 केस हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में दर्ज है तथा आरोपी मोहम्मद मामन पर चोरी करने, लूट/डकैती करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 3 केस गुरुग्राम व दिल्ली में दर्ज है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी पहले रेकी करते है तथा बड़ा मकान देखकर चोरी/लूट/डकैती की वारदातों को अंजाम देते है। आरोपी बांग्लादेश के निवासी हैं तथा भारत में आकर अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं तथा वापस बांग्लादेश भाग जाते हैं। इस बार भी आरोपियों ने इसी प्रकार से योजना बनाई थी की लूट की वारदात को अंजाम देकर बांग्लादेश भाग जाएंगे लेकिन गुरुग्राम पुलिस द्वारा आरोपियों को भागने से पहले ही काबू कर लिया। जिस वक्त आरोपियों को काबू किया गया उस वक्त भी यह पालम विहार एरिया में ही एक वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे। यह वारदात को अंजाम दे पाते उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
आपको बता दें कि 4 जून को एक व्यक्ति ने पालम विहार थाना पुलिस को रिटायर्ड कर्नल ने शिकायत में बताया कि उनके घर में पिछली खिड़की की ग्रिल काटकर चार लोग उनके घर में घुस गए और उनके परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर गहने व नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू करते हुए मामले में चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।