गुड़गांव: डिलीवरी ब्वॉय की बेरहमी से हत्या, संदूक में मिला 4 दिन पुराना शव
गुड़गांव के सेक्टर-54 में सनसनीखेज हत्या: डिलीवरी ब्वॉय अमन का शव लोहे के संदूक में मिला। लिव-इन पार्टनर पर शक, पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गुड़गांव : सेक्टर-54 इलाके में 24 वर्षीय डिलीवरी ब्वॉय की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को लोहे के संदूक (बक्से) में बंद कर दिया गया। वारदात को अंजाम तीन से चार दिन पहले दिया गया था, जिसका पता रविवार दोपहर को चला। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर सेक्टर-53 थाने में हत्या का मामला दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले उमा कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई 24 वर्षीय अमन गुरुग्राम में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। रविवार दोपहर करीब दो बजे अमन के साथ लिव-इन में रहने वाली युवती ने उमा को फोन कर बताया कि अमन की हत्या कर दी गई है और शव झुग्गी में रखे संदूक के अंदर है। जब अमन का बड़ा भाई शशिकांत मौके पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। अमन का शव संदूक में पड़ा था, उसके गले पर धारदार हथियार के घाव थे और चेहरे पर जलने के निशान थे।
परिजनों के मुताबिक, अमन पिछले डेढ़ साल से सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गियों में एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। अमन उस युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती किसी और युवक के साथ घर बसाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि युवती के नए दोस्त अमन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।
हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के तीन-चार दिन बाद युवती ने खुद फोन कर अमन के भाई को वारदात की जानकारी दी और हत्या करने वाले युवक का नाम भी बताया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या युवती ने पकड़े जाने के डर से यह जानकारी दी या वह खुद इस साजिश का हिस्सा थी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना प्रभारी और अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने उमा और शशिकांत के बयानों के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे देर रात तक पूछताछ जारी थी। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप का कहना है कि मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक समय और कारणों का खुलासा हो पाएगा।