गुड़गांव: सोसाइटी में गिरा फ्लैट का छज्जा, 7 साल का मासूम घायल

गुड़गांव के सेक्टर-102 स्थित BPTP Astoria सोसाइटी में छज्जे का प्लास्टर गिरने से मासूम बच्चा गंभीर घायल। निवासियों ने बिल्डर की निर्माण गुणवत्ता पर उठाए सवाल।

गुड़गांव : सेक्टर-102 कीBPTP Astoria सोसाइटी में एक फ्लैट के छज्जे के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा सात साल के मासूम पर गिर गया। इस घटना में मासूम को गहरी चोट लगी है। कुछ गिरने और बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जब परिजन बालकनी में आए तो उन्होंने मासूम को लहूलुहान हालत में देख उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने सोसाइटी निर्माण में उपयोग की गई निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि लाखों कराेड़ो रुपए देने के बाद भी वह अपने फ्लैट में सुरक्षित नहीं है। बिल्डर की मेंटीनेंस एजेंसी द्वारा मेंटीनेंस के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। लोगों की मानें तो यह छज्जा सैकेंट फ्लोर के फ्लैट ए-31 में उस वक्त गिरा जब विकास चौधरी का सात साल का बेटा निकुंज बालकनी में खेल रहा था। मलबे का हिस्सा पहली मंजिल पर बने फ्लैट में भी गिरने के साथ ही जमीन पर भी जा गिरा। इस दौरान फर्स्ट फ्लोर के फ्लैट की बालकनी और ग्राउंड फ्लोर पर कोई नहीं था जिसके कारण कोई और घायल नहीं हुआ।

वहीं, घटना के बाद लोगों ने सोसाइटी में हंगामा कर दिया। लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने सोसाइटी निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है जिसके कारण यह प्लास्टर गिरा है। आए दिन इस तरह की सोसाइटी में घटनाएं हो रही हैं। पहले भी कई बार प्लास्टर गिरने की घटनाओं के बारे में मेंटीनेंस एजेंसी को बताया जा चुका है, लेकिन उनकी तरफ से मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को भी मिली जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.