गुड़गांव हिट एंड रन मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नेशनल कबड्डी प्लेयर रह चुका है कल्याण बैंसला
गुड़गांव में महिला बाइकर सिया उर्फ शिवानी चौहान को टक्कर मारने वाला मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार। मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई।
गुड़गांव : महिला बाइकर सिया उर्फ शिवानी चौहान की बाइक को टक्कर मारकर घायल करने वाले आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लेकर पुलिस गुड़गांव पहुंच रही है। यहां अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं, मामले में वीडियाे जांच के आधार पर हत्या के प्रयास से संबंधित धारा भी BNS 109 पुलिस ने जोड़ दी है। वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला के दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है। प्रमोद नामक साथी पर कल्याण बैंसला को गांव से भगाने में मदद करने का आरोप है जबकि दूसरे साथी निंदर पर हादसे वाले दिन कल्याण को पलवल से लाने का अरोप है।
पुलिस की मानें तो घटना में घायल सिया उर्फ शिवानी फैश्न डिजाइनर है और आप पार्टी की टिकट पर साल 2022 में दिल्ली के कालकाजी एरिया से नगर निगम का चुनाव लड़ चुकी हैं। शिवानी के पिता रोशन भी आप पार्टी से जुड़े हुए थे। वहीं, पुलिस के मुताबिक, आरोपी कल्याण बैंसला पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है।कल्याण नेशनल लेवल का कब्ड्डी प्लेयर रह चुका है। साल 2020 में पवलवल शहर में केबीटी जिम का संचालन कर रहा था। किराया न देने के कारण मकान मालिक ने बिल्डिंग को दो महीने पहले ताला लगा दिया था। कल्याण के भाई मंजीत ने कुछ राशि दे दी थी जिसके बाद 17 सितंबर से यह दोबारा जिम शुरू करने की तैयारी में थे जिसके लिए रेनोवेशन का कार्य भी चल रहा था।
आपको बता दें कि रविवार सुबह महिला बाइकर को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार सवार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। आरोप था कि पहले कार सवार ने महिला बाइकर का पीछा किया और उस पर कमेंट कर रुकने के लिए कहा, लेकिन महिला बाइकर नहीं रुकी। इसी दौरान कार सवार ने महिला बाइकर को जोरदार टक्कर मार दी जिसके बाद बाइकर करीब 100 मीटर तक घिसटती गई और उसकी बाइक करीब 200 मीटर दूर चली गई। कुछ अन्य बाइकर्स ने कार सवार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और एक अन्य कार को भी टक्कर मारते हुए वह भाग गया। इस दौरान बाइकर के पास मौजूद कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। बाइकर्स ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और सेक्टर-56 थाने में दुर्घटना कर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने वीडियो का विश्लेषण करने के बाद आज इस मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं को भी जोड़ दिया और आरोपी को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया।