गुड़गांव FDA की कार्रवाई: दिल्ली में पकड़ी गई नकली Telma AM दवा
गुड़गांव ड्रग्स विभाग ने दिल्ली के ओखला में छापेमारी कर Telma AM की 560 नकली स्ट्रिप और अन्य अवैध एलोपैथिक दवाएं की बरामद। जानें पूरी खबर।
गुड़गांव : हाल ही में पकड़ी गई Telma AM की नकली दवा के बाद गुड़गांव के ड्रग्स एंड काॅस्मेटिक विभाग ने दिल्ली में रेड कर नकली दवाओं की खेप पकड़ी है। टीम ने Telma AM की 560 नकली स्ट्रिप बरामद की हैं। यह कार्रवाई रिमांड पर लिए गए सुव्रत द्विवेदी से पूछताछ के बाद की है।
ड्रग्स एंड काॅस्मेटिक विभाग के ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर -2 सुरेश वर्मा व ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर -3 मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी से रिमांड पर पूछताछ के बाद टीम ने दिल्ली के ओखला स्थित श्री बालाजी फार्मा पर छापेमारी की। यहां से टीम ने 560 स्ट्रिक Telma AM बरामद की हैं। इन्हें फॉर्म 16 व 17 के तहत जब्त किया गया। वहीं, मौके पर पहुंची दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल विभाग की टीम ने जब यहां जांच की तो पाया कि उक्त फर्म के पास कोई भी एलोपेथी दवाओं के लिए लाइसेंस ही विभाग से नहीं लिया गया। इसके बाद टीम ने यहां 323 तहत की एलोपेथी दवाओं के स्टॉक को जब्त कर दिया। देर रात तक यह कार्रवाई की गई।
आपको बता दें कि हरियाणा सरकार नकली एवं मिलावटी दवाओं के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देशानुसार स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता के नेतृत्व में हरियाणा फूड एवं ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) द्वारा राज्यभर में अवैध दवा कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से गुरुग्राम क्षेत्र में संचालित अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नकली दवा नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान ने बताया कि एफडीए गुरुग्राम की टीम ने हाल के वर्षों में कई बड़े मामलों का खुलासा कर नकली दवाओं के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
टोफाजैक दवा मामले में हजारों नकली गोलियां जब्त
वर्ष 2024 में गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित एक मेडिकल स्टोर एवं आवासीय परिसर पर छापेमारी कर गठिया रोग के उपचार में प्रयुक्त टोफाजैक दवा की 1,000 से अधिक नकली डिब्बियां बरामद की गईं। मौके से यूसुफ खान, मोहम्मद जुबैर और मोहम्मद नसीम को गिरफ्तार किया गया, जबकि नियामत सहित चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) इंजेक्शन रैकेट का खुलासा
वर्ष 2025 में एफडीए गुरुग्राम ने हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) नामक नकली हार्मोन इंजेक्शन के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान कुरियर एवं अवैध वितरण चैनलों के माध्यम से संचालित नेटवर्क का पता लगाया गया। इस मामले में हरी ओम को गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत को 20 जुलाई 2026 को माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया।
70 लाख रुपये की नकली माउंटजारो इंजेक्शन बरामद
अप्रैल 2026 में डीएलएफ फेज-4 एवं सेक्टर-69 में छापेमारी कर नकली माउंटजारो (वजन कम करने एवं मधुमेह के उपचार में प्रयुक्त इंजेक्शन) का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के नकली इंजेक्शन जब्त किए गए। इस मामले में अवि शर्मा और मुजामिल खान को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
टेल्मा-एएम नकली दवा मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
जुलाई 2026 में एफडीए गुरुग्राम ने नकली टेल्मा-एएम टैबलेट के निर्माण एवं वितरण में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। जांच में पता चला कि दिल्ली के ओखला स्थित एक बिना लाइसेंस वाले थोक विक्रेता के माध्यम से नकली दवाएं गुरुग्राम के मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाई जा रही थीं। इस मामले में पहले सुव्रत को गिरफ्तार किया गया तथा उसकी निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जुबैर को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान दिल्ली एवं गुरुग्राम एफडीए की टीम ने ओखला स्थित परिसर से 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं भी बरामद कीं, जिन्हें बिना वैध ड्रग लाइसेंस के रखा गया था। यह कार्रवाई 20 जुलाई देर रात 2:10 बजे तक चली।
12 गिरफ्तारियां, संगठित नेटवर्क पर लगातार प्रहार
एफडीए गुरुग्राम की प्रवर्तन टीम, जिसमें अमनदीप चौहान, सुरेश कुमार एवं मुकेश कुमार, ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर शामिल हैं, ने इन प्रमुख मामलों में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कराया है। इनमें से 10 गिरफ्तारियां सीधे तौर पर अमनदीप चौहान द्वारा जांच एवं फील्ड ऑपरेशन के दौरान की गई हैं। एफडीए ने आम नागरिकों, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि वे दवाएं केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें। यदि किसी को नकली दवा, छेड़छाड़ की गई पैकेजिंग अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध दवा संबंधी गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल हरियाणा एफडीए को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।