गुरुग्राम की निजी कंपनी में युवती की कैंची से गोदकर हत्या, आरोपी असलम मियां गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-37 स्थित कंपनी में काम के विवाद के दौरान युवती की हत्या। आरोपी असलम मियां गिरफ्तार।
गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-37 स्थित निजी कंपनी में 25 वर्षीय युवती की कैंची से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में कंपनी में काम करने वाले 35 वर्षीय आरोपी असलम मियां को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है.
झगड़े के दौरान गले पर किया वार: गुरुग्राम पुलिस पीआरओ संदीप ने बताया कि, “5 सितंबर को गुरुग्राम सेक्टर-37 में एक निजी कंपनी में शिवानी और कर्मचारी असलम मियां के बीच शीट कवर कटिंग के काम को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी दौरान शिवानी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया. आरोप है कि गुस्से में असलम ने कैंची से शिवानी के गले पर वार कर दिया.”
इलाज के दौरान शिवानी की मौत: पुलिस पीआरओ संदीप ने आगे बताया कि, “कैंची से वार के बाद शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे उपचार के लिए वैदिक अस्पताल, पटौदी रोड, कादीपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक चिकित्सा दस्तावेज हासिल किए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया.”
सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य: पुलिस पीआरओ संदीप ने कहा कि, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कंपनी परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया. मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने खून से सने कपड़ों समेत अन्य महत्वपूर्ण सामान को भी कब्जे में लिया.
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला: गुरुग्राम पुलिस पीआरओ संदीप ने बताया, “मृतका के पिता ने 6 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी. उन्होंने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी शिवानी 13 जुलाई 2026 से गुरुग्राम में निजी कंपनी में काम कर रही थी. शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-37 में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस थाना सेक्टर-37 की टीम ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए 6 सितंबर को आरोपी असलम मियां को सेक्टर-37 से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची बरामद कर ली है. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है.”