गुरुग्राम ट्रैफिक अपडेट: हरसरू गांव में सड़क बंद, जानें नया रूट प्लान
गुरुग्राम के हरसरू गांव में सड़क निर्माण के चलते 25 जुलाई तक रास्ता बंद। भारी वाहनों के लिए नया ट्रैफिक रूट जारी। यात्रा से पहले पढ़ें पूरी डिटेल।
गुड़गांव : गांव हरसरू में सड़क निर्माण कार्य किए जाने के कारण सड़क को एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। 25 जुलाई तक सड़क निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया है। इस निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उपरोक्त सड़क मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आमजन की सुरक्षा/सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा भारी वाहनो के अवागमन लिए वैकल्पिक रूट बनाए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता एएसआई विकास यादव ने बताया कि पटौदी से गाडौली, द्वारका एक्सप्रेस वे की तरफ आने वाले भारी वाहन चालक हयातपुर चौक से दांए मुड़कर सीधा चलकर सती चौक से बांए मुड़कर सीधा चलकर ऐलान चौक गोलचक्कर से होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ जाएंगे।
गाडौली, द्वारका एक्सप्रेस वे से हयातपुर ,पटौदी की तरफ जाने वाले भारी वाहन चालक हरसरू चौक से लगभग 1.5 KM सीधा ऐलान चौक की तरफ चलकर गोल चक्कर से दाएं मुड़कर सीधा चलकर सती चौक से दांए मुड़कर हयातपुर चौक से होते हुए पटौदी की तरफ़ जाएंगे।