गुरुग्राम: सबक सिखाने के लिए दी रेप की झूठी खबर, नेपाली महिला पर केस दर्ज

गुड़गांव में बहस होने पर व्यक्ति को फंसाने के लिए नेपाली महिला ने दी रेप की झूठी सूचना। 2 दिन तक परेशान रही पुलिस, अब महिला के खिलाफ BNS की धारा 217 में केस दर्ज।

गुड़गांव:  नेपाल की महिला ने एक ऐसा कारनामा कर दिया कि दो दिन तक पुलिस परेशान होकर महिला की मदद के लिए घूमती रही। जब पूरे मामले की हकीकत सामने आई तो पुलिस ने उल्टा अब महिला के खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम को एक महिला से रेप की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस कंट्रोल रूम ने सदर थाना पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई के लिए कहा। सदर थाना पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-47 में एक महिला ने मकान में रेप होने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने जब कार्रवाई शुरू की तो पुलिस दो दिन तक पहले महिला की मदद के लिए भटकती रही। महिला काे मेडिकल कराने के लिए ले जाया गया और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की तो सामने आया कि महिला के साथ कोई रेप हुआ ही नहीं है। महिला का एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। इस बहस के दौरान व्यक्ति को सबक सिखाने के लिए उसने पुलिस को इस तरह की झूठी सूचना दी थी।

पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि मूल रूप से नेपाल के वीरगंज की रहने वाली राधिका कुमारी गुड़गांव के सेक्टर-37 में रहती है और एक ऑनलाइन कंपनी के माध्यम से खाना बनाने का कार्य करती है। कार्य के सिलसिले में वह सेक्टर-47 स्थित मकान में गई थी, जहां एक व्यक्ति से काम को लेकर कुछ कुछ बहस हुई। इस बहस के बादउसने डायल-112 पर रेप की झूठी सूचना दे दी।  पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि महिला द्वारा जानबूझकर झूठी सूचना देकर पुलिस का समय बर्बाद करने व सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने पर इसके खिलाफ धारा 217 बीएनएस के तहत नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.