गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में एसआईटी का गठन, आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश दो दिन की रिमांड पर
गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में पुलिस ने एसआईटी का गठन किया। मुख्य आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर, क्राइम सीन होगा रीक्रिएट।
गुरुग्राम: हिट एंड रन केस में गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. ACP महिला अपराध SIT की जांच टीम का नेतृत्व करेंगी. SIT में कुल 5 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है. सेक्टर-56 थाना प्रभारी भी SIT टीम का हिस्सा हैं. अपराध शाखा सोहना प्रभारी को भी जांच में शामिल किया गया है. SIT मामले से जुड़े CCTV फुटेज, घटनास्थल, वाहनों की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी.
गुरुग्राम हिट एंड रन केस में एसआईटी का गठन: पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर हादसे की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच करेगी. मामले में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दो दिन की रिमांड पर आरोपी: इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश को अदालत में पेश किया. गुरुग्राम पुलिस ने दोनों आरोपियों की दो दिन की पुलिस रिमांड मांगी, जिसका बचाव पक्ष के वकील नवीन बैसला ने विरोध किया. पुलिस की ओर से रिमांड मांगने के पीछे घटना की कड़ियों को जोड़ने और मामले की जांच को आगे बढ़ाने का तर्क दिया गया. जिसके बाद कोर्ट ने दो दिन की रिमांड की मंजूरी दी.
सीन रीक्रिएट करेगी गुरुग्राम पुलिस? पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएट करना चाहती है. इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य लोगों और वारदात के बाद की परिस्थितियों को लेकर भी पूछताछ की जानी है.
बचाव पक्ष के वकील ने जानें क्या कहा: बचाव पक्ष के वकील नवीन बैसला ने पुलिस रिमांड की मांग का विरोध करते हुए कहा कि दोनों आरोपी पहले से ही पुलिस की कस्टडी में हैं और पुलिस के पास पूछताछ के लिए पर्याप्त समय रहा है. वकील ने ये भी दलील दी कि घटना में इस्तेमाल कार पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है. उनके मुताबिक मामले में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ, इसलिए आरोपियों से कोई महत्वपूर्ण बरामदगी भी बाकी नहीं है.