गोकुलधाम आइसोलेशन वार्ड में बाहरी गोवंश लाने पर पूरी रोक, पशुपालन विभाग का बड़ा कदम
भिवानी के गोकुलधाम आइसोलेशन वार्ड में बाहरी लंपी पीड़ित गोवंश लाने पर पाबंदी। पशुपालन विभाग ने दिए निर्देश।
भिवानी। पशुपालन विभाग ने तिगड़ाना मोड़ स्थित गोकुलधाम गो सेवा महातीर्थ के प्रदेश स्तरीय आइसोलेशन वार्ड में लंपी पीड़ित बाहरी गोवंश लाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। इतना ही नहीं, किसी भी स्थान पर गोवंश के ट्रांसपोर्टेशन को भी बंद किया गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में पशु चिकित्सकों की टीमें पशुपालकों के गोवंश की सेहत जांच में जुटी हैं।
टीकाकरण और उपचार
पशुपालन विभाग के अनुसार, जिले में एक लाख 25 हजार गोवंश का टीकाकरण हो चुका है। टीकाकरण के बाद भी जिन गोवंश में लंपी के लक्षण मिले हैं, पशुपालन विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्र में उनका आकलन कर रही हैं। यह टीमें उनके उपचार में भी जुटी हुई हैं।
जिले भर में लंपी की रोकथाम के लिए संक्रमित पशुओं के ट्रांसपोर्टेशन यानी दूसरी जगह मूवमेंट पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। वहीं तिगड़ाना मोड़ स्थित प्रदेश स्तरीय आइसोलेशन वार्ड में लंपी पीड़ित बाहरी गोवंश लाने पर पूरी तरह से पाबंदी की गई है। इसको लेकर गोशाला संचालकों को भी सख्त हिदायतें दी जा चुकी हैं। जिले में पीड़ित लंपी गोवंश का उपचार चल रहा है, अब पशु ठीक हो रहे हैं। लंपी से एक गोवंश के अलावा कोई दूसरी मौत नहीं है।