गोल्फ कोर्स रोड पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, 2 बच्चों और महिलाओं समेत 5 घायल
गुड़गांव के गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने से 2 बच्चों समेत 5 लोग घायल हो गए। एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
गुड़गांव : गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सेक्टर-55 एरिया में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक महिला की हालत गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गाड़ी में सवार दो महिलाएं व एक पुरूष शराब के नशे में थे। घटना आज सुबह करीब चार बजे हुई। घटना के बाद चीख पुकार मच गई जिसके बाद राहगीरों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दुर्घटना के बाद पति-पत्नी दो बच्चे व एक अन्य महिला गाड़ी में फंस गए थे। गाड़ी के शीशे तोड़कर उन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल एक महिला की हालत गंभीर है जिसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।