गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में नया अपडेट, 1 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
महिला बाइकर सिया चौधरी केस में गिरफ्तार दोनों आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए। एसआईटी कर रही है मामले की जांच।
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
अब 14 दिन की न्यायिक हिरासत भेजे गएः इससे पहले 16 सितंबर को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था. उस समय अदालत ने पुलिस की मांग पर दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था. पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई. दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद आज पुलिस ने दोनों आरोपियों को फिर से कोर्ट में पेश किया. सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को अब 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं. दोनों आरोपी अब जेल में रहेंगे और अगली सुनवाई के लिए उन्हें 1 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा.
SIT कर रही मामले की जांच: हिट एंड रन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए SIT यानी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का भी गठन किया है. SIT मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है. जांच टीम घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाल रही है. फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच SIT के स्तर पर आगे बढ़ रही है. आने वाले दिनों में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है.
गुरुग्राम गोल्फ कोर्स हिट एंड रन केस टाइम लाइन
- 13 सितंबर को मामले में महिला बाइक राइडर सिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया .
- 13 सितंबर की शाम गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार को कार सवार युवकों के द्वारा टक्कर मारने का वीडियो वायरल.
- गुरुग्राम पुलिस ने 14 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेकर मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
- 14 सितंबर को गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले का आरोपी कल्याण बैंसला ने टक्कर गलती से होने और बाइक राइडर्स पर परेशान करने का आरोप लगाया.
- 15 सितंबर को गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला और उसके एक रिश्तेदार को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया.
- 15 सितंबर को गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला और एक अन्य आरोपी को गुरुग्राम लेकर पहुंची. प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.
- 16 सितंबर को गुरुग्राम पुलिस ने कोर्ट में दोनों आरोपियों को पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया.
- 16 सितंबर को गुरुग्राम पुलिस ने मामले में 5 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया.
- 18 सितंबर को आरोपियों को दुबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
- अगली सुनवाई के लिए आरोपियों को दुबारा 1 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा.