ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का बुलडोजर एक्शन: छपरौला में 24 करोड़ की 3 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का बुलडोजर एक्शन; छपरौला में 24 करोड़ की जमीन अतिक्रमण मुक्त, शाहबेरी में मकान सील।
ग्रेटर नोएडा: अवैध कब्जों और अवैध निर्माण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। छपरौला स्थित सहारा समतल में अथॉरिटी की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और जमीन पर कब्जा करने के मकसद से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को बुलडोजर के जरिए कब्जामुक्त करवाया। यह बुलडोजर एक्शन करीब तीन घंटे तक चला। इस ताबड़तोड़ बुलडोजर एक्शन के जरिए अथॉरिटी की टीम ने लगभग तीन एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त करवाई। जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है।
अथॉरिटी के ACEO सुमित यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर यह एक्शन लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अंतर्गत आता है। यहां अथॉरिटी की अनुमति के बिना किसी भी तरह का कंस्ट्रक्शन करना पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह का सख्त एक्शन लिया जाता रहेगा। CEO डॉ. बलकार सिंह ने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। अथॉरिटी की टीमें लगातार ऐसी जगहों की पहचान कर एक्शन ले रही हैं।
🌅 सुबह ही शुरू हो गई थी कार्रवाई
सोमवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे अथॉरिटी के अधिकारी और कर्मचारी JCB और डंपर के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह साढ़े 9 बजे तक बुलडोजर एक्शन चला। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को जमींदोज किया। इसके अलावा जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को भी तोड़ दिया गया।
⚠️ कुछ लोगों ने मौके पर किया कार्रवाई का विरोध
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन अथॉरिटी की टीम ने पुलिस की मदद से एक्शन जारी रखा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। इस अभियान में अथॉरिटी के OSD मुकेश कुमार सिंह, डिप्टी जनरल मैनेजर (प्रोजेक्ट) विजय रावल, सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर, मैनेजर नितीश कुमार, असिस्टेंट मैनेजर भूपेंद्र त्यागी सहित परियोजना विभाग की टीम मौजूद रही। बादलपुर कोतवाली के SHO और पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
🔒 मकान को भी किया सील
सहारा समतल में कार्रवाई पूरी करने के बाद अथॉरिटी के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-एक की टीम सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर के नेतृत्व में शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की मदद से जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
📢 जमीन-घर खरीदने वालों से की गई खास अपील
ACEO यादव ने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन या भूखंड खरीदने से पहले अथॉरिटी से संपर्क कर उसके लीगल स्टेटस और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जानकारी जरूर हासिल करें। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत जमीनों में अपनी जीवनभर की कमाई निवेश करने से बचें। बिना जांच-पड़ताल जमीन खरीदने पर लोगों को भविष्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। अथॉरिटी ने साफ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।