ग्रेटर नोएडा: राधा स्काई गार्डन सोसायटी में युवक ने 5वीं मंजिल से कूदकर की खुदकुशी
बिसरख थाना क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसायटी में मां से विवाद के बाद 21 वर्षीय सागर यादव ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दी। जांच जारी।
उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित राधा स्काई गार्डन सोसायटी में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शनिवार को घटना के संबंध में जानकारी दी और बताया कि, सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सागर यादव (उम्र- 21 वर्ष) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पतवाड़ी का रहने वाला था और वर्तमान में अपने माता-पिता तथा छोटे भाई के साथ राधा स्काई गार्डन सोसायटी के टावर-1 में 18वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहा था
पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि किसी बात को लेकर सागर यादव की अपनी मां से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद गुस्से से तमतमाया हुआ सागर 18वीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से बाहर निकला और पांचवीं मंजिल पर आकर वहां स्थित ओपन स्पेस से छलांग लगा दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर यादव मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था और पिछले कुछ समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने बताया कि सागर द्वारा किए गए हमले में उसकी मां को काफी चोट आई है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बिसरख थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोग इस घटना के बारे में चर्चा करते हुए देखे गए, इस दौरान उनमें शोक का माहौल दिखाई दिया।