ग्रेटर नोएडा: 19वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर, बाइक सवार की मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहात अंबर सोसाइटी में 19वीं मंजिल से सीमेंट प्लास्टर गिरने से बाइक सवार की मौत। मेंटनेंस मैनेजर गिरफ्तार, बिल्डर की लापरवाही पर उठे सवाल।

ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां करोड़ों रुपये की हाई-राइज सोसाइटी के 19वें फ्लोर से सीमेंट प्लास्टर का एक हिस्सा निकलकर बाइक सवार पर जा गिरा और फिर उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों को अपनी जान की चिंता सता रही है।

मामला ग्रेनो वेस्ट की अरिहात अंबर सोसाइटी का है। सोसाइटी में रह रहे लोग साल 2022 से बिल्डिंग की खराब होती हालत को लेकर शिकायत कर रहे हैं थे मगर मरम्मत का कोई भी काम नहीं किया गया।

परिवार में कमाने वाला इकलौता था

मृतक की पहचान विकास चावला के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मेंटनेंस मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है और उसपर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता था और उनपर माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों की जिम्मेदारी थी। उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कैसे हुआ हादसा?

विकास एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे और डी टावर से बाइक पर सवार होकर मार्केट जा रहे थे। इस दौरान टावर की 19वीं मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा उनके ऊपर आ गिरा। बाइक असंतुलित हो गई और दीवार से जा टकराई। वे गंभीर रूप से घायल हो गए और आस-पास मौजूद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।

सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट

विकास के भाई ने बिसरख कोतवाली में सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं इस हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल है और उनका कहना है कि पहले भी इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं जिनमें लोगों को चोटें भी आई थीं।

टावर के मेंटनेंस में काफी कमजोरियां

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि सोसाइट के टावर के मेंटनेंस में काफी कमजोरियां हैं और इसकी शिकायत जिलाधिकारी से लेकर हाईकोर्ट और रेरा तक में की गई है मगर अबतक समस्य जस की तस ही है। बिल्डर के खिलाफ भी अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.