घर से चूहों को भगाने के 3 आसान घरेलू उपाय: बिना जहर दिए ऐसे पाएं छुटकारा
क्या आप भी घर में चूहों के आतंक से परेशान हैं? आजमाएं पुदीना, लाल मिर्च और प्याज के ये अचूक घरेलू नुस्खे। बिना किसी केमिकल के चूहे घर से भागेंगे कोसों दूर।
घर में बच्चों से ज्यादा आतंक को चूहें मचा देते हैं. एक भी चूहा अगर घर के अंदर आ जाए तो हर चीज को तहस-नहस कर देता है. खाने की चीजों में मुंह लगाना, कपड़े काटना और जगह-जगह मल करता रहता है. 1 चूहे के बाद कई सारे चूहे अपनी जगह घर में बना लेते हैं और हर चीज को खराब करते हैं. ऐसे में इनसे हर कोई परेशान रहता है. खासकर रात के समय चूहों की आवाजें और उनकी भागदौड़ पूरे घर का सुकून छीन लेती हैं. कई लोग चूहों से छुटकारा पाने के लिए बाजार में मिलने वाली दवाइयों और पेस्ट कंट्रोल का सहारा लेते हैं, लेकिन इनका असर कई बार कुछ ही दिनों तक सीमित रहता है.
वहीं, घर में चूहों को भगाने के लिए लाई गई केमिकल वाली चीजें बच्चों और पालतू जानवरों के लिए भी नुकसानदायक साबित हो सकती हैं. ऐसे में अगर आप भी घर में बढ़ते चूहों के आतंक से परेशान हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको एक ऐसी आसान और असरदार ट्रिक के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से चूहे घर से कोसों दूर भाग जाएंगे और दोबारा लौटने की हिम्मत भी नहीं करेंगे.
पुदीने से भगाएं दूर
चूहों को दूर भगाने के लिए पुदीना एक बेहतरीन तरीका है. दरअसल, चूहों को पुदीने की खुशबू बिल्कुल भी पसंद नहीं होती है. आपको बस कॉटन में पेपरमिंट ऑयल की कुछ बूंदें डालकर उसे किचन, स्टोर रूम, अलमारी या उन जगहों पर रख दें जहां चूहों का आना-जाना ज्यादा होता है. इसकी तेज महक से चूहे घर से दूर भागने लगते हैं. आप चाहें तो पुदीने की ताजी पत्तियां भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
लाल मिर्च पाउडर का छिड़काव
लाल मिर्च पाउडर भी चूहों को दूर भगाने के लिए एक अच्छा तरीका है और लंबे समय से लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. आपको बस लाल मिर्च पाउडर को चूहे के बिल या फिर आने जाने वाले रास्ते पर छिड़क देना है. इसकी तेज और तीखी गंध चूहों को आने से रोकती है. हालांकि इस उपाय को करते समय ध्यान रखें कि छोटे बच्चे या पालतू जानवर उस जगह के संपर्क में न आए. कुछ दिनों तक लगातार यह तरीका अपनाने से चूहे घर छोड़कर भाग सकते हैं.
प्याज भी दिखाएगा असर
प्याज से भी आप चूहों का आतंक खत्म कर सकते हैं. इसके लिए आपको अपने घर के कोने, किचन, अलमारी या चूहे की आने-जाने वाली जगह पर प्याज का एक टुकड़ा रख देना है. प्याज की तेज बदबू से चूहे वहां टिक नहीं पाते और धीरे-धीरे घर से दूर चले जाते हैं.लेकिन ध्यान रखें कि प्याज कुछ समय बाद खराब होने लगता है, इसलिए उसे हर एक-दो दिन में बदलते रहें.