चंडीगढ़: पीएम मोदी के दौरे पर कांग्रेस का विरोध, 17 मुद्दों पर मांगे जवाब
पीएम मोदी के चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस ने सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने महंगाई, बेरोजगारी और मालिकाना हक समेत 17 मुद्दों पर जवाब मांगा।
चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस ने सेक्टर-17 प्लाजा में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की. प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री से जवाब देने की मांग उठाई.
17 मुद्दों पर जवाब न मिलने का आरोप: प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले महंगाई, बेरोजगारी, चंडीगढ़ के लोगों को मालिकाना हक, शहर के विकास समेत कुल 17 सवाल सार्वजनिक रूप से उठाए गए थे. पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री ने अपने करीब आधे घंटे के संबोधन में इनमें से किसी भी मुद्दे पर जवाब नहीं दिया. वहीं, प्रदर्शन कर रहे चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि, “प्रधानमंत्री ने लगभग आधे घंटे तक भाषण दिया, लेकिन जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर चुप्पी साधे रखी. कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, मालिकाना हक और विकास सहित 17 सवाल रखे थे, लेकिन किसी का भी जवाब नहीं मिला. इन्हीं सवालों के जवाब की मांग को लेकर सेक्टर-17 में विरोध प्रदर्शन किया गया.”
जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा:कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शहर से जुड़े लंबित मामलों के जल्द समाधान की मांग की. पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और सरकार को लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप स्पष्ट जवाब देना चाहिए. कांग्रेस ने कहा कि वह जनहित के इन मुद्दों को आगे भी लगातार उठाती रहेगी.