चंडीगढ़: सेक्टर 36 की मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
चंडीगढ़ सेक्टर 36 की मुख्य मार्केट में बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट से उठीं आग की लपटें। धमाकों से डरे लोग, पूरे सेक्टर की बिजली आपूर्ति ठप। जानें ताजा अपडेट।
चंडीगढ़: सेक्टर 36 की मुख्य मार्केट में शुक्रवार की शाम बिजली के खंभे और ओवरहेड तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. बिजली की तारों से आग की भीषण लपटें उठती देख बाजार में पहुंचे लोगों और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तेजी से उठ रही चिंगारियों और तारों से पटाखों की जोरदार आवाज से लोग खुद के बचाव के लिए यहां-वहां होते दिखे.
जान-माल का नुकसान नहीं: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्य मार्केट के एक ब्लॉक के पास बिजली के तारों में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग की लपटें उठी. कुछ ही सेकंड़ में आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया. गनीमत रही कि आग लगने के समय घटनास्थल पर कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया.
सेक्टर की बिजली आपूर्ति काटनी पड़ी: घटना की सूचना पर स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत पुलिस और फिर बिजली विभाग को सूचित किया. बिजली कर्मियों को सुरक्षा के मद्देनजर पूरे सेक्टर की बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से काटना पड़ा. दमकल विभाग की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची. लेकिन बिजली सप्लाई ठप करने और तारों के कटने से आग पर काबू पा लिया गया.
हादसे की जांच जारी: आग पर काबू पाने के बाद बिजली कर्मचारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, ताकि आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता लग पाता. विशेषकर घटनास्थल की तारों और इंटरकनेक्ट तारों की भी जांच की गई. लेकिन फिलहाल तक आग लगने की स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है.