चंडीगढ़: स्कूलों के लिए नई ट्रैफिक एडवाइजरी, अब परिसर के अंदर होगा पिक-अप
चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों के बाहर जाम से निपटने के लिए नई एडवाइजरी जारी की। पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था अब स्कूल परिसर के भीतर होगी। पढ़ें पूरी जानकारी।
चंडीगढ़: शहर के स्कूलों के बाहर लगने वाले ट्रैफिक जाम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. समिति ने निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों की पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था स्कूल परिसर के भीतर ही की जाए. साथ ही अभिभावकों को कार-पूलिंग अपनाने के लिए भी प्रेरित करने को कहा गया है.
चंडीगढ़ स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी: समिति का कहना है कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बड़ी संख्या में वाहन सार्वजनिक सड़कों पर रुकते हैं. इससे ना सिर्फ ट्रैफिक जाम लगता है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है.
स्कूल परिसर में होगी पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था: एडवाइजरी में चंडीगढ़ बिल्डिंग रूल्स-2017 का हवाला देते हुए कहा गया है कि हर स्कूल में पार्किंग के लिए अलग स्थान निर्धारित है. लेकिन कई स्कूलों में इस जगह का इस्तेमाल खेल मैदान, स्विमिंग पूल, कार्यालय या अन्य गतिविधियों के लिए किया जा रहा है. इसकी वजह से अभिभावकों को बच्चों को सड़क पर ही उतारना और उठाना पड़ता है.

चंडीगढ़ के ट्रैफिक को लेकर व्यवस्था: समिति ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि पार्किंग स्थल का उपयोग केवल पार्किंग और पिक-अप-ड्रॉप के लिए किया जाए. वाहनों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी बेहतर बनाई जाए, ताकि स्कूल परिसर के अंदर यातायात सुचारु बना रहे. जरूरत पड़ने पर अलग-अलग समय स्लॉट भी तय किए जा सकते हैं. स्कूलों को ये भी कहा गया है कि वे कार-पूलिंग को बढ़ावा दें. इसके लिए एक ही इलाके में रहने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर समूह बनाए जाएं और अभिभावकों को पीटीएम व स्कूल सर्कुलर के माध्यम से जागरूक किया जाए.
कार पूलिंग को बढ़ावा देने के आदेश: समिति के अनुसार कार-पूलिंग से स्कूलों के बाहर वाहनों की संख्या कम होगी, ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण भी घटेगा. साथ ही अभिभावकों का यात्रा खर्च कम होगा और बच्चों के लिए स्कूल आना-जाना अधिक सुरक्षित बन सकेगा.जिला सड़क सुरक्षा समिति ने सभी स्कूलों से इस एडवाइजरी का जल्द पालन करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट समिति को भेजने के निर्देश दिए हैं.