चोट के कारण टीम इंडिया से बाहर हुए हर्षित राणा, एशियन गेम्स से भी हुए बाहर
फिटनेस समस्याओं के चलते हर्षित राणा अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर। यश ठाकुर को टीम इंडिया में किया गया शामिल।
टीम इंडिया से हर्षित राणा बाहर हो गए हैं. वो अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज और उसके बाद होने वाले एशियन गेम्स में भी नहीं खेलेंगे. हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर ने ली है. हर्षित राणा को पहले अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 की टीम इंडिया में शामिल किया गया था. लेकिन, उनका खेलना और ना खेलना फिटनेस पर निर्भर था. बहरहाल अब BCCI ने प्रेस रिलीज जारी कर हर्षित राणा के बाहर होने पर मुहर लगा दी है.
हर्षित राणा क्यों हुए बाहर?
हर्षित राणा को लेकर पहले खबरें थी कि BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है और वो वापसी कर सकते हैं. लेकिन, BCCI की प्रेस रिलीज के मुताबिक उन्हें 7 सितंबर को खेले मैच में फिर से चोट लगी, जिसके चलते उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर होना पड़ा.
‘राणा’ की जगह आए ‘ठाकुर’ में कितना यश?
टीम इंडिया में हर्षित राणा की जगह विदर्भ के 27 साल के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने ली है. यश ने इस साल जुलाई में जिम्बाब्वे के साथ हुई T20 सीरीज में भारतके लिए डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 2 T20 इंटरनेशनल खेले हैं और उसमें 4 विकेट लिए हैं. घरेलू क्रिकेट में यश ठाकुर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 50 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 7.04 की इकॉनमी से 81 विकेट अपने नाम किए हैं.
हर्षित राणा बाहर, अब ऐसी है AFG के खिलाफ भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर
अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने वाली T20 टीम ही 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स में भी खेलती दिखेगी. इन दोनों टूर्नामेंट के लिए श्रेयस अय्यर भारत के कप्तान होंगे और तिलक वर्मा उप-कप्तान. भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की T20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू हो रही है.