जंक और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड का बच्चों के दिमाग पर असर: स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा, बढ़ता है मोटापे का जोखिम
अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से बच्चों के ब्रेन रिस्पॉन्स और मोटापे के जोखिम पर स्टडी की चेतावनी; जानें डॉक्टर की सलाह।
नोएडा में रहने वाली 8 साल की अनन्या को स्कूल से लौटते ही चिप्स का पैकेट और कोल्ड ड्रिंक चाहिए। घर का बना खाना देखते ही वह मुंह बनाने लगती है, लेकिन पैकेटबंद स्नैक्स या बिस्किट का नाम सुनते ही खुश हो जाती है। आजकल कई घरों में बच्चों की यही कहानी है।
पेरेंट्स इसे बच्चों की जिद या स्वाद की पसंद समझकर इग्नोर कर देते हैं, लेकिन अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया की एक रिसर्च ने इसे लेकर गंभीर चेतावनी दी है। स्टडी के मुताबिक, पैकेटबंद और जंक फूड सिर्फ बच्चों का वजन नहीं बढ़ा रहे, बल्कि खाने की फोटोज के प्रति उनके बढ़ते ब्रेन रिस्पॉन्स पर भी असर डाल सकते हैं।
🔬 क्या बताती है नई स्टडी?
मेडिकल जर्नल ‘जामा नेटवर्क ओपन’ में अक्टूबर 2026 में छपी इस स्टडी में 7 से 10 साल की उम्र के 46 बच्चों पर रिसर्च की गई। शुरुआत में सभी बच्चों का वजन नॉर्मल था। साइंटिस्ट्स ने MRI स्कैन से देखा कि जब बच्चों को फ्रेंच फ्राइज और कुकीज जैसी फूड इमेजेस दिखाई जाती हैं तो उनका ब्रेन कैसे रिएक्ट करता है।
रिसर्च से सामने आया कि जो बच्चे डेली डाइट में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड ज्यादा खाते थे, उनके ब्रेन के डॉर्सल स्ट्रायटम में फूड इमेजेस देखने पर ज्यादा एक्टिविटी रिकॉर्ड हुई। यह ब्रेन का वह पार्ट है जो रिवॉर्ड और मोटिवेशन से जुड़ा है। एक साल बाद जिन बच्चों में फूड इमेजेस देखकर यह रिस्पॉन्स ज्यादा था, उनमें BMI और बॉडी फैट बढ़ने का संबंध भी देखा गया।
🧠 बच्चों के दिमाग को कैसे ‘हाईजैक’ कर रहे हैं ये फूड?
रिसर्च में सामने आया, अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड में भारी मात्रा में रिफाइंड शुगर, नमक, अनहेल्दी फैट और आर्टिफिशियल फ्लेवर मिलाए जाते हैं। जब बच्चा ऐसे फूड खाता है तो ब्रेन का वो पार्ट ज्यादा एक्टिव हो जाता है जो आदत और लालच को कंट्रोल करता है। इससे बच्चे को पेट भरा होने के बावजूद बार-बार भूख लगने का अहसास होता है।
⚠️ दिमाग के किन फंक्शन्स पर पड़ता है असर?
फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन और बच्चों के डॉक्टर डॉ. DK गुप्ता कहते हैं कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड का असर बच्चों के कॉग्निटिव फंक्शन्स पर भी पड़ सकता है। इनमें रीजनिंग, क्रिटिकल थिंकिंग, प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल्स, फोकस, अटेंशन, कंसंट्रेशन, रिकग्निशन और रिवॉर्ड सिस्टम शामिल हैं।
बच्चों का दिमाग डेवलपिंग स्टेज में होता है। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से होने वाला इन्फ्लेमेशन उनकी ब्रेन हेल्थ पर असर डाल सकता है। इसलिए जंक फूड, अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड और शुगर वाली ड्रिंक्स से दूरी जरूरी है।
इसका असर केवल बचपन तक सीमित नहीं रह सकता। आगे चलकर ओबेसिटी, डायबिटीज, हाइपरटेंशन और फैटी लिवर जैसी लाइफस्टाइल डिसीज का रिस्क बढ़ सकता है। लंबे समय में एथेरोस्क्लेरोसिस, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम भी बढ़ सकता है।
👀 बच्चे की इन आदतों पर ध्यान दें
पेरेंट्स को बच्चे के बढ़ते वजन और BMI के साथ उसकी डेली हैबिट्स पर भी नजर रखनी चाहिए। डॉ. गुप्ता कहते हैं कि अगर बच्चा फिजिकली एक्टिव नहीं है, ज्यादातर समय बैठकर बिताता है या उसकी स्कूल परफॉर्मेंस प्रभावित हो रही है, तो उसकी डाइट और लाइफस्टाइल पर ध्यान देने की जरूरत है।
आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज के लक्षण भी सामने आ सकते हैं। इनमें बार-बार पेशाब आना, बहुत ज्यादा प्यास लगना और लगातार भूख महसूस होना शामिल हैं।
👨👩👧 पेरेंट्स क्या करें?
डॉ. गुप्ता बच्चों का डिजिटल स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह देते हैं। स्क्रीन टाइम बढ़ने से बच्चों में जंक और प्रोसेस्ड फूड खाने की प्रवृत्ति भी बढ़ सकती है। बच्चों को फिजिकल एक्टिविटी कराना और उनकी डाइट के साथ खाने की मात्रा यानी पोर्शन पर ध्यान देना जरूरी है।
जंक फूड में हाई फैट कंटेंट होता है। इसे बनाने की प्रक्रिया में बनने वाले फ्री रेडिकल्स गट और शरीर के दूसरे अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। डॉ. गुप्ता कहते हैं कि वैसे तो बच्चों को हफ्ते में एक बार भी जंक फूड नहीं देना चाहिए। जिन बच्चों को रोज इसकी आदत है, उनके मामले में इसे धीरे-धीरे कम किया जा सकता है।