जल्दी नींद लाने के आसान उपाय: रात में बार-बार नींद टूटने से हैं परेशान?

क्या आपको रात में जल्दी नींद नहीं आती? अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स और उन आदतों के बारे में जानें जो आपकी नींद में रुकावट डालती हैं।

अच्छी नींद शरीर और दिमाग, दोनों के लिए बेहद जरूरी होती है, लेकिन आजकल बदलती लाइफस्टाइल, काम का तनाव, देर रात तक मोबाइल चलाना और खराब दिनचर्या की वजह से कई लोगों को रातभर नींद नहीं आती. कुछ लोगों को बिस्तर पर लेटने के बाद भी लंबे समय तक नींद नहीं आती, जबकि कई बार रात में बार-बार आंख खुल जाती है. लगातार ऐसा होने पर अगले दिन थकान, चिड़चिड़ापन और काम पर ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है.

अगर कभी-कभार नींद आने में देर हो, तो यह सामान्य हो सकता है. हालांकि, अगर यह समस्या बार-बार होने लगे, तो अपनी कुछ आदतों में बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है. कुछ आसान तरीके शरीर और दिमाग को आराम महसूस कराने में मदद कर सकते हैं, जिससे जल्दी नींद आने की संभावना बढ़ सकती है. आइए जानते हैं कि जल्दी नींद लाने के लिए कौन-सी आसान ट्रिक्स अपनाई जा सकती हैं और किन आदतों से दूरी बनाना जरूरी है.

जल्दी सोने के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स

हेल्थलाइन के मुताबिक, अगर आपको रात में जल्दी नींद नहीं आती, तो कुछ आसान आदतें और रिलैक्सेशन तकनीकें मदद कर सकती हैं. सोने से पहले कमरे की लाइट हल्की रखें और मोबाइल, लैपटॉप या टीवी की स्क्रीन से दूरी बनाएं. रोज एक ही समय पर सोने और उठने की कोशिश करें, ताकि शरीर की बॉडी क्लॉक सही बनी रहे. बिस्तर पर जाने से पहले 4-7-8 ब्रीदिंग तकनीक अपनाई जा सकती है. इसमें 4 सेकंड तक नाक से सांस लें, 7 सेकंड तक सांस रोकें और फिर 8 सेकंड तक मुंह से धीरे-धीरे सांस छोड़ें.

इसके अलावा, मेडिटेशन या प्रोग्रेसिव मसल रिलैक्सेशन भी फायदेमंद हो सकता है. इसमें शरीर की मांसपेशियों को कुछ सेकंड के लिए हल्का कसकर फिर ढीला छोड़ दिया जाता है, जिससे शरीर को आराम महसूस होता है. अगर करीब 20 मिनट तक नींद न आए, तो बिस्तर से उठकर कोई हल्की किताब पढ़ सकते हैं. साथ ही कमरे का तापमान आरामदायक रखें, ज्यादा शोर से बचें और दिन में नियमित एक्सरसाइज करें, लेकिन सोने से ठीक पहले भारी वर्कआउट न करें.

सोने से पहले किन आदतों से बनाएं दूरी?

सोने से पहले चाय, कॉफी या कैफीन वाले पेय लेने से बचें, क्योंकि इससे नींद आने में देर हो सकती है. रात में बहुत भारी या मसालेदार खाना खाने से भी परेशानी हो सकती है. बिस्तर पर लेटकर लंबे समय तक मोबाइल चलाना या टीवी देखना भी नींद को प्रभावित कर सकता है.

देर रात तक काम करना या तनाव भरी बातें सोचते रहना भी अच्छी नींद में रुकावट बन सकता है. अगर आपको अच्छी नींद चाहिए, तो सोने से पहले शरीर और दिमाग को आराम देने वाली आदतें अपनाएं.

कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है?

अगर लंबे समय से लगातार नींद नहीं आती, रात में बार-बार नींद टूटती है या नींद की कमी की वजह से दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन और काम करने में परेशानी होने लगे, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

इसके अलावा, अगर नींद की समस्या के साथ तेज खर्राटे, सांस रुकने जैसा महसूस होना या कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या भी हो, तो जांच कराना जरूरी है. सही समय पर इलाज कराने से समस्या की वजह का पता लगाया जा सकता है और सही इलाज मिल सकता है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.