जापान रवाना होने से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सामने किट और साइज की उलझन, बीसीसीआई ने बुक किया होटल
जापान रवाना होने से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को जर्सी साइज और होटल की समस्या का सामना करना पड़ा। बीसीसीआई ने संभाला मोर्चा।
जापान में होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से ठीक पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को अजीबोगरीब दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को रविवार सुबह नई दिल्ली से नागोया के लिए उड़ान भरनी है, लेकिन रवानगी के आखिरी घंटों तक खिलाड़ियों की जर्सी और किट के सही साइज को लेकर माथापच्ची चल रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के आधिकारिक किट सप्लायर JSW इंस्पायर के बीच लगातार बातचीत हो रही है.
दो अलग-अलग किट और साइज की उलझन
भारतीय क्रिकेटरों को इस दौरे पर दो अलग-अलग तरह की जर्सी पहननी है. 22 सितंबर को टीम इंडिया जापान के खिलाफ टी20 मैच खेलेगी, जिसमें खिलाड़ी बीसीसीआई वाली जर्सी पहनेंगे. लेकिन 28 सितंबर से एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट शुरू होंगे, जहां खिलाड़ी आईओए की ओर से निर्धारित आधिकारिक एशियन खेल किट पहनकर उतरेंगे. दो अलग-अलग किट होने के चलते साइज की कुछ समस्याएं सामने आई हैं. हालांकि, ज्यादातर मामलों को सुलझा लिया गया है और बची हुई किटें जल्द ही सीधे खिलाड़ियों तक पहुंचाई जा रही हैं.
BCCI ने खुद बुक क्यों किया होटल?
नागोया में ‘खेल गांव’ न होने के चलते एथलीटों को क्रूज जहाजों, होटलों और कंटेनर हाउसिंग में ठहराया जा रहा है, जहां कई भारतीय एथलीटों को कमरों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा है. महिला क्रिकेट टीम तो आईओए की ओर से तय किए गए आवास में ठहरी हुई है, लेकिन पुरुष टीम के लिए जो कमरे मुहैया कराए जा रहे थे, वो काफी छोटे थे. स्थिति यह थी कि उन कमरों में क्रिकेटरों के भारी-भरकम किट बैग रखने तक की जगह नहीं थी. ऐसे में बीसीसीआई ने तुरंत दखल दिया और टीम के जापान रवाना होने से पहले ही अपने लेवल पर निजी होटल के कमरों की व्यवस्था कर दी है, ताकि खिलाड़ियों के आराम और प्रैक्टिस पर कोई असर न पड़े.
एशियन गेम्स में टीम इंडिया का शेड्यूल
एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया अपना गोल्ड मेडल डिफेंड करने उतरेगी. भारतीय टीम सीधा क्वार्टर-फाइनल मैच खेलने उतरेगी. यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होगा. अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचती है तो वो 1 अक्टूबर को मैदान में उतरेगी, ये मुकाबला भी सुबह 10:00 बजे से होगा. वहीं, गोल्ड मेडल मैच भी भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे खेला जाएगा.