जींद: अंबेडकर लाइब्रेरी का नाम बदलने पर विरोध, सांसद कुमारी शैलजा ने घेरा

जींद में अंबेडकर लाइब्रेरी का नाम बदलने के विरोध में कुमारी शैलजा और कांग्रेस ने किया प्रदर्शन। कहा- नाम बदलने की राजनीति बंद कर युवाओं पर ध्यान दे सरकार।

जींद: डॉ. बीआर अंबेडकर लाइब्रेरी का नाम बदलकर अटल लाइब्रेरी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को जींद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने रोष प्रदर्शन किया. रानी तालाब स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन में सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा भी शामिल हुईं और प्रदेश सरकार के फैसले की कड़ी आलोचना की.

भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला फैसला: वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि, “डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर संचालित पुस्तकालय का नाम बदलना करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला कदम है. पहले से बने और संचालित भवनों पर केवल नए फ्लेक्स बोर्ड लगाने से बाबा साहब का नाम इतिहास से नहीं मिटाया जा सकता.” उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और पुस्तकालय का नाम पुनः भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय रखने की मांग की.

“नई योजनाएं बनाएं, नाम बदलने की राजनीति नहीं”: शैलजा ने कहा कि, “यदि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सम्मान देना चाहती है तो नए विकास कार्य शुरू करे. सरकार को नई योजनाएं शुरू कर युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाना चाहिए, न कि पुराने संस्थानों के नाम बदलकर उपलब्धियां गिनानी चाहिए. भाजपा सरकार बनी-बनाई चीजों का नाम बदलने में अधिक विश्वास रखती है.”

बेरोजगारी और पेपर लीक पर सरकार को घेरा: सांसद ने प्रदेश और देश में बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, “आज का युवा बेरोजगारी, अवसरों की कमी और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों से परेशान है. नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों के बजाय नाम बदलने की राजनीति में व्यस्त है.”

कानून व्यवस्था और लोकतंत्र पर चिंता जताई: कुमारी शैलजा ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, “हरियाणा आज अपराध का अड्डा बनता जा रहा है. हर जगह पुलिसकर्मी तैनात नहीं हो सकता, इसलिए सरकार को कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए. देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है.”

एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सतर्क:एसआईआर का जिक्र करते हुए शैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों पर विशेष नजर रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि, “एक भी सही व्यक्ति का वोट नहीं कटना चाहिए. यदि किसी का नाम सूची से हट गया तो बाद में उसकी भरपाई करना मुश्किल हो जाता है.”

“पुस्तकालय ज्ञान और सामाजिक चेतना के केंद्र”:जींद कार्यक्रम के बाद सांसद कुमारी शैलजा नरवाना क्षेत्र के गांव दनौदा कलां पहुंचीं, जहां उन्होंने सर्वजातीय बिनैन खाप पुस्तकालय का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “पुस्तकालय किसी भी समाज की बौद्धिक और सांस्कृतिक चेतना के केंद्र होते हैं. पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को ज्ञान से जोड़ना समय की आवश्यकता है.” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शिक्षा और पुस्तकालय आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.