जींद: जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के विरोध में रानी तालाब पर अनिश्चितकालीन धरना

जींद के रानी तालाब पर दिल्ली छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हुआ है। निष्पक्ष जांच और संवाद की मांग।

जींद: जींद के रानी तालाब पर शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई बर्बरता के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया. धरने में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्रों और युवाओं ने हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुने जाने की मांग की.

लोकतांत्रिक अधिकारों के सम्मान की मांग: धरने में शामिल छात्रों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया. उनका कहना है कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है. छात्रों के आंदोलनों को संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए.

“संवाद से निकले समाधान, बल प्रयोग नहीं”: धरना में बैठे छात्रों ने कहा कि, “जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित घटनाओं ने देशभर के युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में चिंता पैदा की है. सरकार को छात्रों और युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने के बजाय संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए.”

“निष्पक्ष जांच तक जारी रहेगा धरना”: प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, “मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए. जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती, तब तक हमारा अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.