जींद: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का दौरा, संगठन मजबूती पर जोर

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जींद में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित। मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर।

जींद: भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के जींद पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला जींद दौरा था. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की.

संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता: मीडिया से बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, “मैं जींद से बहू के रूप में पहले भी कई बार जुड़ी रही हूं, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहां आई हूं. कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता है. पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रिय भागीदारी से ही संभव है.”

महिला सशक्तिकरण पर भाजपा का फोकस: महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी के सवाल पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है. संगठन में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है और इसे प्रभावी रूप से लागू भी किया जा रहा है. आने वाले समय में भाजपा से अधिक संख्या में महिला सांसद और विधायक चुनकर सामने आएंगी.”

मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि, “यह 12 वर्ष जनविश्वास, सुशासन, विकास और गरीब, किसान तथा महिलाओं के कल्याण को समर्पित रहे हैं. देश में हुए विकास कार्य प्रधानमंत्री मोदी की तपस्या, परिश्रम और सेवा भावना का परिणाम हैं.”

महिला आयोग की नई अध्यक्ष पर जताया भरोसा: हरियाणा महिला आयोग की नई अध्यक्ष की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, “पूर्व अध्यक्ष रेणु भाटिया ने साढ़े चार वर्षों तक सराहनीय कार्य किया है. नई अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी भी महिलाओं के हितों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेंगी.”

बता दें कि बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के पहले जींद दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया. इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.