झज्जर: कुएं में गाय को बचाने उतरे 4 युवकों की जहरीली गैस से मौत
झज्जर के मुनीमपुर गांव में कुएं में जहरीली गैस से चार युवकों की मौत। गाय को बचाने के दौरान हुआ हादसा। पूरे गांव में मातम, प्रशासन ने जांच शुरू की।
झज्जर: झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में रविवार को चार युवकों की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक एक गाय कुएं में गिर गई थी. उसे बचाने के लिए एक युवक कुएं में उतरा, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस व ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे बचाने के प्रयास में अन्य युवक भी एक-एक कर कुएं में उतरते गए और सभी जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गई.
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश बनी जानलेवा: प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार पहले युवक के बेहोश होने पर बाकी युवक बिना खतरे का अंदाजा लगाए उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए. हालांकि कुएं के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण वे भी बेहोश हो गए. कुछ ही देर में चारों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.
बचाव कार्य जारी: इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद चारों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल झज्जर भेजा गया. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में हादसे का कारण कुएं में ऑक्सीजन की कमी व जहरीली गैस माना जा रहा है. मामले में सिविल अस्पताल झज्जर के डॉक्टर मोहित ने बताया, “चारों युवकों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि कुएं में ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण उनकी मौत हुई. पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी.”
गांव में शोक का माहौल: वहीं, इस हादसे के बाद मुनीमपुर गांव में शोक का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की विस्तृत जांच और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है.