झज्जर में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, 9 जिलों में गरज-चमक के साथ यलो अलर्ट जारी

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम। झज्जर में ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने हिसार, जींद, कैथल समेत 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया।

हरियाणा। प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। शनिवार सुबह झज्जर जिले के बिरोहड़, मालियावास, कालियावास और आसपास के ग्रामीण अंचलों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। सूखे ओले गिरने के कारण जहां एक ओर तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है, वहीं दूसरी ओर फसलों को नुकसान की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान का आकलन खेतों के निरीक्षण के बाद ही हो पाएगा। इससे पूर्व शुक्रवार को भी चरखी दादरी और रेवाड़ी में तेज ओलावृष्टि और पलवल में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई थी।

⚠️ मौसम विभाग ने 9 जिलों में जारी किया यलो अलर्ट: 40 KM/h की गति से चलेंगी हवाएं, होगी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शनिवार को प्रदेश के 9 प्रमुख जिलों—सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक और बारिश होने की पूरी संभावना है। आंशिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते आगामी 24 से 48 घंटों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और औसतन तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.