झज्जर में 31 लाख की अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाकर कर रहे थे तस्करी

झज्जर पुलिस ने 'नशा मुक्ति हरियाणा' अभियान के तहत 31 लाख रुपये की अवैध शराब और बीयर से भरा कैंटर पकड़ा। दो तस्कर गिरफ्तार, मामले की जांच जारी।

झज्जरः ‘नशा मुक्ति हरियाणा’ अभियान के तहत अवैध शराब तस्करों के खिलाफ हरियाणा पुलिस इन दिनों विशेष अभियान चल रही है. इस क्रम में पुलिस ने 454 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर से भरे एक कैंटर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये आंकी गई है. कार्रवाई का नेतृत्व सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर ने किया.

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाईः एसीपी क्राइम शमशेर सिंह दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि “सीआईए झज्जर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग का कैंटर, जिसके पीछे तिरपाल लगा हुआ है, बेरी की तरफ से जहाजगढ़ की ओर जाएगा और उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है.”

ग्रीस लगाकर वास्तविक नंबर को छिपाने का प्रयासः सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेरी-जहाजगढ़ रोड पर गांव एमपी माजरा मोड़ के पास एक निजी स्कूल के नजदीक नाकाबंदी कर दी. कुछ समय बाद संदिग्ध कैंटर मौके पर पहुंचा. पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया और कैंटर को काबू किया गया. जांच के दौरान पाया गया कि वाहन की नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाकर वास्तविक नंबर को छिपाने का प्रयास किया गया था, ताकि पुलिस और सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचा जा सके.

पुलिस को गुमराह का प्रयास विफलः पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान मनीष दहिया निवासी शादिपुर, जिला रेवाड़ी और परिचालक ने बिट्टू निवासी नारंगी बांदा, आसाम के रूप में बताई. दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए बताया कि वाहन में पशुओं का फीड (चारा) भरा हुआ है. पुलिस को संदेह होने पर जब तिरपाल हटाकर कैंटर की तलाशी ली गई तो उसके अंदर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं.

विभिन्न ब्रांडों की 454 पेटियां बरामद: मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया. संयुक्त जांच के दौरान कुल 454 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर शामिल थी. जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश पेटियों पर क्यूआर कोड नहीं थे और कई पेटियों के लेबल फटे हुए थे, जिससे अवैध तस्करी की आशंका और मजबूत हो गई. पुलिस द्वारा शराब के परिवहन से संबंधित लाइसेंस, परमिट सहित अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद आबकारी विभाग की मौजूदगी में शराब की गिनती, सैंपलिंग और जब्ती की कार्रवाई पूरी कर कैंटर को भी कब्जे में ले लिया गया. दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बेरी में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.

‘नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति’: आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. इस अवसर पर एसीपी क्राइम शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि “झज्जर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है. पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.