झारखंड मुठभेड़: चतरा में 15 लाख का इनामी नक्सली ढेर, मुठभेड़ में 4 मारे गए

झारखंड के चतरा में सुरक्षा बलों ने 15 लाख के इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सलियों को मार गिराया। वहीं चाईबासा के सारंडा में मुठभेड़ और IED ब्लास्ट में 6 जवान घायल।

झारखंड के चतरा जिला के पिपरवार इलाके में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. चतरा में हुए भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं. मारे गए चार नक्सलियों में 15 लाख का इनामी नक्सली सहदेव महतो भी शामिल हैं. दरअसल, चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सलियों की गुप्त सूचना के बाद सुरक्षाबलों के द्वारा सर्च अभियान चलाया गया. इस दौरान 15 लाख के इनामी सहदेव महतो दस्ते के साथ भीषण मुठभेड़ हो गई.

मुठभेड़ चतरा जिला के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई. मुठभेड़ में माओवादी सबजोनल कमांडर 15 लाख के ईनामी सहदेव समेत चार इनामी नक्सली मारे गए हैं. मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के अलावा कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे. फिलहाल मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है, मौके से चार नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार- कारतूस बरामद हुए हैं.

मुठभेड़ में कई जवान घायल

वहीं, दूसरी तरफ नक्सलमुक्त झारखंड बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों के द्वारा, पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा के सारंडा जंगल में छिपे एक करोड़ के ईनामी सीपीआई माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा दस्ते के सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई है. पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा स्थित बालिवा जंगल में एक करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा दस्ते के साथ मुठभेड़ के दौरान कई जवान घायल हुए हैं.

नक्सलवाद के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी

जानकारी के अनुसार मुठभेड़ के बीच नक्सलियों के द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट और मुठभेड़ के दौरान सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कुल 6 जवान घायल हुए हैं. घायल जवानों में कोबरा 205 बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश, जवान शैलेश कुमार दुबे ,उत्तम सेनापति ,जितेंद्र कुमार राय ,प्रेम कुमार और कोबरा 210 बटालियन के हेड कांस्टेबल अभिनय मित्तल शामिल हैं. फिलहाल नक्सली दस्ते के खिलाफ सुरक्षा बलों का मुठभेड़ और सर्च अभियान जारी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.