टैक्सी चालक विजय कुमार हत्याकांड का खुलासा, मलोया थाना पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट में टैक्सी चालक हत्याकांड का खुलासा। मलोया पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

चंडीगढ़: सेक्टर-38 वेस्ट में बगिया नर्सरी के पास मिले टैक्सी चालक विजय कुमार के शव की गुत्थी मलोया थाना पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने मामले में पंजाब के मानसा जिले के गांव सहनेवाली निवासी पंजाबदीप सिंह (25) और हरप्रीत सिंह (27) को गिरफ्तार किया है. दोनों को सेक्टर-56 के जंगल से पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, विजय की हत्या तेजधार हथियार से की गई थी और वारदात के बाद आरोपी उसकी टैक्सी को सेक्टर-52 में छोड़कर फरार हो गए थे.

टैक्सी चालक हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार: पुलिस को युवक का शव मिलने की सूचना कंट्रोल रूम से मिली थी. सूचना के बाद मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. मौके की फोटोग्राफी कराने के साथ एफएसएल और एमएफटी टीमों ने भी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूत कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई.

700 रुपये रोजाना किराये पर ली थी टैक्सी: जांच में सामने आया कि टैक्सी मालिक प्रदीप सिंह (मलोया का रहने वाला) ने अपनी कार 16 सितंबर को विजय कुमार को 700 रुपये प्रतिदिन के किराये पर दी थी. इसके बाद 19 सितंबर की रात करीब एक बजे प्रदीप को जानकारी मिली कि उसकी टैक्सी सेक्टर-52 में जगदीप टैक्सी स्टैंड के सामने पेट्रोल पंप के पास खड़ी है. गाड़ी के अंदर खून पड़ा होने की बात सामने आने पर वो मौके पर पहुंचा और कार की जांच की.

बगिया नर्सरी के पास मिला था शव: इसी दौरान सेक्टर-38 वेस्ट स्थित बगिया नर्सरी के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली. बाद में शव की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने तेजधार हथियार से विजय की हत्या की और इसके बाद टैक्सी को सेक्टर-52 इलाके में छोड़कर भाग गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए मलोया थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-56 के जंगल में दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया.

एक आरोपी पर पहले भी केस दर्ज: पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पंजाबदीप सिंह के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है. वर्ष 2023 में मटौर थाने में उसके खिलाफ टैक्सी चोरी और शव को नाले में फेंकने के आरोप में केस दर्ज हुआ था. वहीं, 27 वर्षीय हरप्रीत सिंह के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में पहले से कोई मामला दर्ज नहीं बताया गया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की तलाश भी जारी है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं का पता चल सकेगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.