टोहाना के लकड़बाजार में बिजली का खंभा टूटा, दुकान क्षतिग्रस्त, दो महिलाएं व पुलिसकर्मी घायल

टोहाना के मुख्य लकड़बाजार में गुरुवार रात बिजली का पोल टूटकर दुकान पर गिर गया। हादसे में दो महिलाओं और एक पुलिसकर्मी को मामूली चोटें आई हैं।

टोहाना : शहर के मुख्य लकड़बाजार में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे बिजली का पोल अचानक टूटकर गिर गया। पोल किसी दुकान के ऊपर गिरा है जिससे काफी नुकसान हुआ है। हादसे में दो महिलाएं और एक पुलिस कर्मी को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ।

स्थानीय दुकानदार गौरव ने बताया कि उनकी दुकान मेन मार्केट में है। रात को खंभे में स्पार्किंग हुई और उसके बाद पोल गिर गया। उन्होंने कहा “यह पहली बार नहीं है। पिछले साल भी यही खंभा गिर चुका है। गिरने की मुख्य वजह तारों का ज्यादा लोड और खंभों के बीच ज्यादा गैप है। यहां कम से कम एक और खंभा लगाया जाना चाहिए, वरना वजन ज्यादा होने से खंभा नहीं रुक पाता।”

गौरव के अनुसार सूचना मिलते ही रात 11:30 बजे बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन रात होने के कारण मरम्मत का काम नहीं हो सका। वीडियो में देखा जा सकता है कि पोल तारों के साथ सड़क पर लटका हुआ है और लोग बाइक को पैदल निकलने को मजबूर हैं।

दुकानदारों ने बिजली निगम से मांग की है कि लकड़बाजार में खंभों के बीच गैप कम किया जाए और अतिरिक्त खंभा लगाया जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। निगम के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.