टोहाना: पत्नी ने दोस्त के साथ मिलकर की पति की हत्या, गला दबाकर नहर में फेंका शव
टोहाना के जाखल में प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने प्रेमी (पति के दोस्त) संग मिलकर की नसीब की हत्या। 3 मार्च से लापता शख्स का पुलिस ने किया खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार।
टोहाना : टोहाना के जाखल में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर पति के दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी पूजा और पति के दोस्त श्रवण को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गांव साधनवास निवासी 44 वर्षीय नसीब के रूप में हुई है।
घूमी शक की सुई, हुआ बड़ा खुलासा
डीएसपी जय भगवान ने बताया कि मृतक नसीब के भाई रघुनाथ ने 3 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नसीब संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है और उसकी तलाश की जाए। पुलिस टीम लगातार नसीब की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी पूजा और उसके दोस्त श्रवण पर शक हुआ।
नशे में गला दबाकर की थी हत्या
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि नसीब अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। वह उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की धमकी भी देता था। आरोपियों ने बताया कि जब नसीब शराब के नशे में घर में था, तब उन्होंने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, जिसके बाद आगे की पूछताछ की जाएगी। डीएसपी ने यह भी बताया कि मृतक नसीब के घर में उसकी मां और तीन बच्चे हैं।