ढिगावा मंडी: खेल स्टेडियम में नई ओपन जिम, युवाओं को नशे से मिलेगी मुक्ति

ढिगावा मंडी के खेल स्टेडियम में नई ओपन जिम लगने से युवाओं और बुजुर्गों में उत्साह। अब सुबह-शाम पसीना बहाकर लोग रह रहे हैं स्वस्थ, नशे से दूर रहने का मिला संकल्प।

ढिगावा मंडी। ढिगावा मंडी के खेल स्टेडियम में अब सुबह की शुरुआत जोश और हंसी के साथ होती है। यहां नई ओपन जिम लगने से युवाओं और बुजुर्गों को स्वस्थ रहने की एक नई राह मिली है। गांव के सरपंच धर्मवीर नेहरा ने बताया कि युवा और बुजुर्ग उनसे स्टेडियम में जिम लगवाने की मांग करते थे। सरपंच ने युवाओं को नशे से दूर रखने और बुजुर्गों को स्वस्थ रखने के लिए इसे एक अच्छा तरीका माना।

उन्होंने पंचायत के साथ मिलकर सांसद धर्मबीर को इस संबंध में मांग पत्र सौंपा। पंचायत और पूरे गांव ने सांसद का इस पहल के लिए धन्यवाद किया है। अब ढिगावा मंडी का स्टेडियम केवल खेल का मैदान नहीं, बल्कि सेहतमंद जीवन का एक जीता-जागता उदाहरण बन गया है।

सरपंच धर्मवीर नेहरा ने बताया कि सांसद धर्मबीर सिंह ने ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि गांव का विकास केवल सड़क और पानी से नहीं बल्कि लोगों की सेहत से भी होता है। कुछ ही महीनों में ढिगावा मंडी के खेल स्टेडियम में अत्याधुनिक ओपन जिम की मशीनें स्थापित हो गईं। अब सुबह और शाम को युवा स्टेडियम में इन मशीनों पर पसीना बहा रहे हैं।

छात्रों और युवाओं को मिला लाभ

सुबह 5 बजे से ही स्टेडियम में रौनक लग जाती है। पहले भी कस्बे के खेल स्टेडियम में जिम थी लेकिन उसमें ज्यादा बच्चे होने के कारण सभी को मौका नहीं मिल पाता था। कई बार कॉलेज जाने में भी देरी हो जाती थी। अब ओपन जिम लगने के बाद गांव के अन्य लोगों को भी कसरत करने का अवसर मिलेगा, क्योंकि इसमें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

हम यहीं फौज की भर्ती की तैयारी करते हैं। ओपन जिम से बहुत मदद मिल रही है। बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए यह ओपन जिम बहुत अच्छी साबित होगी।
सेहत का बना मंदिर
ये केवल लोहे की मशीनें नहीं हैं बल्कि ये हमारे गांव के हजारों लोगों की सेहत का मंदिर हैं। नशे की जगह अब स्टेडियम ने ले ली है जहां सुबह-शाम युवाओं की टोली पसीना बहाती है। आने वाले समय में अगर ओपन जिम में किसी प्रकार की कोई कमी रहती है, तो उसे भी पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.