दबंगों ने आधी रात बुलडोजर से ढहाईं दुकानें, एसपी ने अकबरपुर कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
अंबेडकर नगर में आधी रात दबंगों द्वारा दुकानें ढहाने के मामले में बड़ी कार्रवाई! SP प्राची सिंह ने अकबरपुर कोतवाल और दरोगा समेत 4 को सस्पेंड किया।
उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में बुलडोजर कांड पर एसपी प्राची सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में उन्होंने अकबरपुर कोतवाली में तैनात दरोगा-कोतवाल और दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है. आरोप है कि दो दिन पहले 3 बुलडोजर लेकर आए दबंगों ने आधी रात को आधा दर्जन से अधिक दुकानें गिरा दी थीं. सूचना मिलने पर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और सीओ नीतीश कुमार ने मौका मुआयना किया था.
जानकारी के मुताबिक बीसों साल से एक दर्जन से अधिक परिवार इन दुकानों के सहारे ही जीवन यापन कर रहे थे. अचानक दो दिन पहले आधी रात को कुछ नकाबपोश लोग बुलडोजर लेकर पहुंचे और इन सभी दुकानों को जमींदोज कर दिया. बताया जा रहा है कुछ परिवार इन दुकानों में रहते भी थे. इसलिए पुलिस और प्रशासन में तुरंत हड़कंप मच गया. वहीं अगले दिन लोगों ने थाना पुलिस और एसपी ऑफिस पहुंच कर शिकायत दी.
तीन बुलडोजर लेकर पहुंचे थे
दबंग स्थानीय लोगों के मुताबिक दबंग तीन बुलडोजर लेकर पहुंचे थे और करीब घंटे भरतक तांडव मचा कर चले गए. मामला बरियावन बाजार से किछौछा मार्ग का है. इन दुकानों में कई परिवार वर्षों से अपनी रोजी रोटी चला रहे थे. सूचना मिलने पर अगले दिन सुबह एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और सीओ नीतीश कुमार मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना के बाद अपनी रिपोर्ट दी. भूमाफियाओं के इस बुलडोजर एक्शन की खबर शासन तक पहुंची तो जिले में हड़कंप मच गया.
हुई विभागीय कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक इस संबंध में मिली शिकायत की जांच कराई गई. इसमें पुलिस की लापरवाही सामने आई है. इस मामले में एसपी प्राची सिंह ने विभागीय कार्रवाई करते हुए अकबरपुर कोतवाल संतोष सिंह, इलाके के दरोगा अजय कुमार और दो सिपाहियों संतोष पांडे और उपेंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया है. इसी के साथ उन्होंने कोतवाल के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शासन ने इस संबंध में एलआईयू से रिपोर्ट मांगी थी. इसमें पीड़ितों का जातिवार ब्यौरा भी मांगा गया था.