दिल्ली: गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
दिल्ली के पश्चिम विहार में '24HS Fitness' जिम पर अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी।
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में बुधवार देर रात एक जिम पर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. अज्ञात बदमाशों की ओर से की गई इस फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फायरिंग पश्चिम विहार स्थित “24HS Fitness Delhi” जिम पर की गई. दावा किया जा रहा है कि ये जिम सिंगर गुरु रंधावा का है.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले अनिल पंडित उर्फ “अनिल पंडित यूएसए” ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि संबंधित जिम का संबंध पंजाबी गायक गुरु रंधावा से है और कथित तौर पर अभिनेता सलमान खान के करीबी होने के कारण इस जिम को निशाना बनाया गया. पोस्ट में यह भी कहा गया कि पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसे नजरअंदाज किया गया. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस भी फिलहाल इन दावों की जांच कर रही है.
CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की हो रही पहचान
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इसके साथ ही पुलिस जिम के मालिक और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह समझा जा सके कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश, धमकी या अन्य कारण तो नहीं है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश वास्तव में उसी घटना से जुड़े हैं या नहीं.
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा “पश्चिम विहार पूर्व पुलिस स्टेशन में स्थित ’24 एच फिटनेस’ जिम में गोलीबारी की घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई. प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि जिम के शीशे पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने कुछ राउंड फायरिंग की, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे. इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है. रोपियों की पहचान करने, उनका पीछा करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.”
लॉरेंस के नाम पर दी गई धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल संदेश में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम लेते हुए कई तरह की धमकियां भी दी गई हैं. पोस्ट में कथित तौर पर यह कहा गया है कि गिरोह अपने दुश्मनों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगा. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की भी गहन पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.