दिल्ली: जगतपुरी में पति की गला घोंटकर हत्या, पत्नी ने कबूला जुर्म

दिल्ली के जगतपुरी में 20 वर्षीय युवक की हत्या। मोबाइल विवाद में पत्नी ने दुपट्टे से घोंटा पति का गला। आरोपी पत्नी गिरफ्तार। पढ़ें पूरी वारदात।

दिल्ली के जगतपुरी इलाके में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन और आपसी शक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक की पत्नी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई को तड़के सुबह करीब 3:52 बजे जगतपुरी थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली. कॉल करने वाली महिला ने बताया कि उसने अपने पति का गला घोंट दिया है. सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत पुलिस टीम के साथ राशिद मार्केट स्थित घटनास्थल पर पहुंचे. वहां 20 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल अचेत अवस्था में मिला. उसे तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पत्नी के खिलाफ केस दर्ज

मृतक की मां की शिकायत पर जगतपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया. जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह को सौंपी गई. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और परिजनों व अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए.

पत्नी ने कैसे की पति की हत्या?

पूछताछ के दौरान मृतक की 20 वर्षीय पत्नी अलीशा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसका पति उस पर शक करता था. घटना वाली रात उसने अलीशा का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसमें सबूत तलाशने शुरू कर दिए. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोपी का कहना है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद गुस्से में उसने पति के सीने पर बैठकर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया.

पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान मृतक की मां कमरे में पहुंच गई, जिसके बाद अलीशा वहां से फरार हो गई. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह एक गुरुद्वारे में छिप गई थी, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा भी बरामद कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.