दिल्ली: माउंट कैलाश में डॉक्टर ने घरेलू सहायिका को उतारा मौत के घाट
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के माउंट कैलाश में डॉक्टर मनीष गुप्ता ने अपनी सहायिका मीना की बेरहमी से हत्या की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना इलाके के माउंट कैलाश इलाके में गुरुवार को एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 45 साल की मीना के रूप में हुई है, जो लंबे समय से एक डॉक्टर के यहां घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही इस हत्याकांड की जांच तेज कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11:36 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि माउंट कैलाश इलाके के एक मकान की छत पर एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी है. सूचना मिलते ही एसीपी कालकाजी, अमर कॉलोनी थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को छत पर मीना का शव मिला. मौके पर एक व्यक्ति भी मौजूद था, जिसकी पहचान करीब 50 साल के डॉ. मनीष गुप्ता के रूप में हुई.
पहले बैट से मारपी फिर चाकू से गोदा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने महिला पर पहले बैट से हमला करने और बाद में चाकू से वार करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता को हिरासत में ले लिया है. हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद किया जा रहा है. क्राइम टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घरेलू सहायिका की हत्या
हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है. मृतका मीना पिछले कई सालों से आरोपी के घर में काम कर रही थी. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है. हत्या के कारणों को लेकर लोग तरह का कयास लगा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या की वजह का खुलासा कर लिया जाएगा.