दिल्ली में बिगड़ी कानून-व्यवस्था! 1 दिन में 3 जगह मर्डर से दहली राजधानी, जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली में बीते 24 घंटे के अंदर हत्या की 3 अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। केशवपुरम में युवती, अशोक विहार में युवक और न्यू उस्मानपुर में नाबालिग की हत्या से हड़कंप मच गया है।
देश की राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे के भीतर हत्या की तीन अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं. उत्तर-पश्चिमी के केशवपुरम में एक युवती की हत्या कर दी गई. वहीं, अशोक विहार में एक युवक को छेड़खानी का विरोध करने पर चाकुओं से गोद डाला गया, जबकि न्यू उस्मानपुर इलाके में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.
पहली घटना उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके की है. बुधवार रात 20 वर्षीय युवती की उसके घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी 23 वर्षीय सौरभ युवती का परिचित और सहकर्मी था. वह उसी इमारत में केयरटेकर के रूप में काम करता था, जबकि युवती पास के एक जिम में कार्यरत थी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी बहाने से युवती को बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में ले गया. वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती के माथे पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की हत्या
दूसरी वारदात भारत नगर इलाके के अशोक विहार स्थित एक पार्क में हुई. पुलिस के अनुसार, पार्क में बैठी 26 वर्षीय महिला से कुछ युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ करने की कोशिश की. महिला के साथ मौजूद सुनील ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया.
हमले में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घायल महिला का इलाज जारी है. पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
न्यू उस्मानपुर में नाबालिग की हत्या
तीसरी घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सामने आई, जहां कथित तौर पर आपसी विवाद के दौरान एक नाबालिग लड़के पर चाकू से हमला कर दिया गया. हमलावरों ने उस पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
फरार आरोपियों की तलाश तेज
तीनों घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
केशवपुरम हत्याकांड के मुख्य आरोपी सौरभ की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. वहीं अन्य दोनों मामलों में भी आरोपियों की तलाश जारी है. लगातार 24 घंटे के भीतर हुई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.