दिल्ली: लोधी कॉलोनी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार

दिल्ली के लोधी कॉलोनी में 28 वर्षीय आकृति की संदिग्ध मौत। शादी के ढाई महीने बाद ही दहेज प्रताड़ना का आरोप। पति अरस्तु सिक्का गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।

दिल्ली के लोधी कॉलीनी में 28 साल की आकृति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ढाई महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। आकृति के परिवारवाले उसके पति और ससुरालवालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि आकृति ने लव मैरिज की थी लेकिन इसके बाद भी उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने परिवारवालों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पुष्प विहार निवासी आकृति शनिवार को पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि आकृति की शादी इसी वर्ष 24 अप्रैल को हुई थी। वह छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ के पद पर काम करती थी।

दोनों परिवारों की सहमति से हुई लव मैरिज

आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के बाद से ही आकृति का पति उससे मारपीट करने लगा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। परिवार के अनुसार, यह लव मैरिज, जिसे दोनों परिवारों की सहमति प्राप्त थी। उन्होंने कहा कि शादी को महज ढाई महीने हुए थे, इसलिए आकृति की मौत की परिस्थितियां और भी संदिग्ध लग रही हैं।

10 लाख रुपए और कार की मांग

परिवारवालों का आरोप है कि आकृति को बार-बार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की जा रही थी। ससुरालवाले दहेज में 10 लाख रुपए और एक कार मांग रहे थे। आकृति के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसके ससुरालवाले आकृति के परिवार की स्थिति के बारे में जानते थे लेकिन फिर भी दहेज की मांग कर रहे थे। उसका पति भी उसके साथ मारपीट करता था। वह खुद इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकती। या तो उसकी हत्या हुई है या तो उसे मानसिक तौर पर परेशान कर उकसाया गया है।

पूरी सैलरी मांगता था पति

आकृति के पिता की मौत पांच साल पहले ही हो गई थी। वह अपने परिवार में अकेले कमाने वाली थी। इसलिए शादी के बाद भी वह अपने परिवार की मदद करना चाहती थई। रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि उसका पति पहले उसके नौकरी करने के खिलाफ था लेकिन बाद में वह उससे उसकी पूरी सैलरी मांगने लगा। आकृति अपनी मां को हर महीने 5 हजार रुपए भेजना चाहती थी और इसी बात पर अक्सर उनके बीच लड़ाई होती थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.