दिल्ली-NCR में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानें आपके इलाके का हाल
दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान। IMD ने जारी किया रेड अलर्ट। जानें बारिश और ट्रैफिक का ताजा अपडेट।
दिल्ली एनसीआऱ में बुधवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। मंगलवार को भी पूरे दिन बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन अब जगह-जगह जलभराव के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाज के कई हिस्सों में में बुधवार सुबह से बादल बरस रहे हैं जिसके बाद न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए दिल्ली के बड़े इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक मॉनसूम सिस्टम उत्तर पश्चिम भारत में आगे बढ़ रहा है जिसके चलते दिल्ली-एनसीआऱ में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसी के साथ आंधी तूफान का भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आईएमडी ने कहा है कि अगले दो से तीन घंटों में दिल्ली-NCR के ज़्यादातर इलाकों यानी गुरुग्राम, नोएडा, फ़रीदाबाद और गाज़ियाबाद में मध्यम से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और उत्तर दिल्ली में गरज चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में छाए कन्वेक्टिव बादल
जानकारी के मुताबिक दिल्ली और आस-पास के इलाकों में गहरे कन्वेक्टिव बादल यानी तेज बारिश वाले बादल बन रहे हैं। बादलों की इन पट्टियों को एक सक्रिय मॉनसून ट्रफ़ और अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही भरपूर नमी से मदद मिल रही है। लोगों को इससे आने वाले दिनों में गर्मी से तो राहत मिलेगी लेकिन अब लोगों को ट्रैफिक और जलभराव की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक, बारिश की तैयारियों की पोल खुलती नजर आ रही है। जलभराव और भारी की वजह से गाड़ियां सड़कों पर रेंगती नजर आईं औऱ लोगों को घंटों ट्रैफिक में फंसा रहना पड़ा। गुरुग्राम में तो मंगलवार को मॉनसून की पहली ही बारिश में सड़का का एक हिस्सा तक धंस गया और 10 किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया।
फरीदाबाद में भी यातायात ठप
फरीदाबाद में बुधवार को हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। लगातार बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक असर ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास पर देखने को मिला, जहां पानी भर जाने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर अंडरपास को बंद कर दिया। इससे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा और कई स्थानों पर ट्रैफिक रेंगने लगा।
बारिश का असर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों में भी दिखाई दिया। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र और अन्य राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की चिंता बढ़ गई।
ऐक्शन मोड में प्रशासन
उधर, जलभराव को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। पंपिंग सेट और अन्य संसाधनों की मदद से सड़कों और अंडरपास से पानी निकालने के प्रयास किए गए। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानीपूर्वक गुजरने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में कहां कितनी बारिश
आईएमडी के अनुसार, शहर के मौसम केंद्र सफदरजंग ने सुबह 8:30 बजे तक समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि के दौरान 14.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की। पालम में 19.2 मिमी, लोधी रोड में 17.8 मिमी, रिज में 54.3 मिमी और आयानगर में 37.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। पालम मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम है; लोधी रोड ने 25.2 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है; रिज ने 22.1 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है; और आयानगर ने 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है।